आरा : कहा जाता है कि प्यार की कोई हद नहीं होती. इसी का नजारा मंगलवार को शहर में देखने को मिला. दूसरे के प्यार में पागल एक शादीशुदा महिला ने समाज, परिवार, पति व बच्चों को छोड़ प्रेमी का हाथ थाम लिया. इधर पत्नी का दिल दूसरे पर आने के बाद पति का जीना मुहाल हो गया है. नवादा थाने में मंगलवार की दोपहर एक लाचार पति अपनी पत्नी से घर चलने की आरजू व मिन्नतें करता रहा, लेकिन प्रेमी के प्यार में पागल उसकी पत्नी ने थाने में भी पुलिसकर्मियों के सामने उसे ठुकरा दिया. उसने साफ शब्दों में कहा कि मैं तुम्हारे साथ नहीं जाउंगी. मैं अपने प्रेमी के साथ खुश हूं.
महिला की बात सुनकर थाने के पुलिसकर्मी भी दंग रह गये. महिला तीन बच्चों की मां है. महिला सहार थाना क्षेत्र के धवरी गांव निवासी बाबुधन सिंह की पत्नी है. वर्तमान में ये सभी लोग नवादा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड मुहल्ले में रहते हैं. लाचार पति ने नवादा थाने में अपनी पत्नी तथा उसके प्रेमी के खिलाफ आवेदन दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
