आरा : नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला मुहल्ले से एक सप्ताह पूर्व शादी की नीयत से भगायी गयी लड़की मंगलवार को थाना पहुंचकर पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया. लड़की ने पुलिस पदाधिकारियों के समक्ष कहा कि उसका अपहरण नहीं बल्कि वह स्वेच्छा से अपनी प्रेमी के साथ गयी थी. नवादा थाना पुलिस ने उक्त लड़की को कोर्ट में प्रस्तुत करा और इस मामले में प्रेमी सहित दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. पकड़े गये जितु कुमार तथा बिट्टू कुमार दोनों चरपोखरी थाना क्षेत्र के कनई गांव के निवासी बताये जाते हैं,
जिन्हें पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला मुहल्ला निवासी संतोष कुमार सिंह ने अपनी पुत्री को अगवा करने का मामला नवादा थाने में दर्ज कराया था. दिये गये आवेदन में बताया गया था कि उसकी लड़की रीचा (काल्पनिक नाम) को मुहल्ले के कुछ नामजदों ने अगवा कर लिया था. पुलिस जब पड़ताल शुरू की तो मामला कुछ और निकला. मंगलवार को प्रेमी व प्रेमिका दोनों ने थाने में पहुंचकर पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया. नवादा थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर उक्त युवती की मेडिकल जांच सदर अस्पताल में करायी.
