कई पदाधिकारी व किरानी जांच की जद में
आरा : निगरानी विभाग द्वारा सदर अस्पताल में छापेमारी के बाद विरानगी छा गयी. कई पदाधिकारी व कर्मचारी जांच के जद में आ गये है. हालांकि अभी तक इसका खुलासा नहीं हो पाया है. गुरुवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में सदर अस्पताल में पदस्थापित लिपिक सुशील कुमार को नामजद किया गया है. सदर अस्पताल के किरानी सुशील कुमार के बैग से मिले कई एटीएम व चेकबुक का सत्यापन किया जा रहा है. इस मामले में निगरानी विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि एटीएम और चेक के ट्रांजेक्शन के बारे में जांच की जा रही है. इस मामले में संलिप्त पदाधिकारी व कर्मचारी को बख्शा नहीं जायेगा.
अनुसंधान के क्रम में जो भी दोषी पाये जायेंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई तय है. बता दें कि निगरानी विभाग ने उक्त लिपिक सुशील कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी, जिसमें कहा गया था कि लिपिक के पास आय से अधिक संपत्ति है. इसी की जांच को लेकर गुरुवार को निगरानी विभाग की दो सदस्यीय टीम ने लिपिक सुशील कुमार के रामनगर स्थित आवास सदर अस्पताल कार्यालय तथा चंदवा स्थित रिसॉर्ट पर छापेमारी हुई थी. टीम को कई दस्तावेज भी प्राप्त हुए है, जिसके आधार पर जांच चल रही है.
कई पदाधिकारी व कर्मचारी आ सकते है निगरानी के घेरे में : गुरुवार को निगरानी विभाग के छापेमारी के बाद सदर अस्पताल में पदस्थापित पदाधिकारी व कर्मचारी सकते में पड़ सकते है. निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें रडार पर रखा है. इसके पूर्व भी सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को निगरानी विभाग की टीम ने ट्रैप किया था.
