परिजनों ने लगाया पुलिस पर मारपीट करने का आरोप
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान परिजनों ने मचाया हंगामा
आरा : नवादा थाना में शराब के मामले में पकड़े गये एक आरोपित की हालत गंभीर हो जाने के कारण पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया.
जानकारी के अनुसार पकड़ा गया आरोपित शहर के महावीर टोला निवासी स्व ललन यादव का पुत्र संजय कुमार यादव बताया जाता है. शनिवार को नवादा थाना पुलिस ने महावीर टोला मुहल्ले में छापेमारी कर 103 पैकेट शराब के साथ गिरफ्तार किया था. हालांकि मुख्य तस्कर पुलिस को देखते ही भाग गया था. पुलिस ने मामले में संजय यादव को गिरफ्तार कर थाना लायी. थाने में हाजत में ही उसकी हालत खराब हो गयी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. जैसे ही इसकी जानकारी परिजनों को मिली.
परिजन सदर अस्पताल पहुंच गये और संजय यादव की स्थिति को देखते हुए हंगामा शुरू कर दिया गया. सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस, नगर थाना पुलिस तथा मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी और परिजन को समझाने बुझाने लगी. परिजनों का कहना है कि शराब के मामले में पकड़े गये संजय यादव के साथ पुलिस ने मारपीट की है, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गयी है. वहीं पुलिस का कहना है कि शराब के मामले में पकड़े गये अभियुक्तों के साथ मारपीट नहीं की जाती है. परिजनों का आरोप बेबुनियाद है. आरोपित की तबीयत दूसरे कारण से खराब हुई है. इलाज कराया जा रहा है. परिजन पूरे मामले की जांच कराने की मांग कर रहे हैं.
