बैठक में पारित किये गये चार प्रस्ताव, बनी रही गहमागहमी
शाहपुर : स्थानीय नगर पंचायत की बैठक नप के मुख्य पार्षद वशिष्ठ प्रसाद उर्फ मंटू प्रसाद के अध्यक्षता में हुई. बोर्ड की बैठक में उपस्थित वार्ड पार्षदों द्वारा नप के विकास एवं वार्डों की सफाई पर विचार-विमर्श करते हुए अपने-अपने सुझाव दिये गये.
बैठक के दौरान प्राथमिकता के आधार पर वार्डों में पीसीसी,नाला निर्माण कार्य करने के लिए योजनाओं के लिए प्रस्ताव लिया गया. साथ ही पूर्व की लगायी गयी स्ट्रीट लाइटों को मरम्मत करने, सार्वजनिक स्थान पर पेयजल की व्यवस्था, हाइमास्ट लाइट लगाने एवं कुछ वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव लिया गया, जबकि वर्क ऑर्डर के बावजूद कार्य नहीं करनेवाले संवेदकों के टेंडर रद्द करने संबधी प्रस्ताव पारित किया गया.
नप के कार्यपालक पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में उपस्थित वार्ड पार्षदों द्वारा कुल चार प्रस्ताव पारित किया गया. बैठक में उपमुख्यपार्षद रमेश राम, जेइ जयनंदन चौधरी, वार्ड पार्षद विजय सिंह, रीता देवी, आनंदी देवी, देवांति देवी, धर्मपाल पासवान, विवेक कुमार, मो मुख्तार शाह, जुगनू देवी, बसंती देवी सहित सभी पार्षद उपस्थित थे.
