ताला तोड़ ब्रॉडसन कंपनी के कार्यालय और पार्टनर के आवास पर छापेमारी

सख्ती. चार घंटे तक चली कार्रवाई, कई फाइलें ले गयी पुलिस आरा/कोईलवर/पटना : अवैध बालू खनन को लेकर सरकार के सख्त आदेश पर माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है. इसी मामले में पटना पुलिस की विशेष जांच टीम कोइलवर पहुंची. कोइलवर में गुरुवार की सुबह 4 बजे जहां ब्रॉडसन कंपनी के एक पाटर्नर […]

सख्ती. चार घंटे तक चली कार्रवाई, कई फाइलें ले गयी पुलिस
आरा/कोईलवर/पटना : अवैध बालू खनन को लेकर सरकार के सख्त आदेश पर माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है. इसी मामले में पटना पुलिस की विशेष जांच टीम कोइलवर पहुंची. कोइलवर में गुरुवार की सुबह 4 बजे जहां ब्रॉडसन कंपनी के एक पाटर्नर के घर एक घंटा तक छापेमारी चली. वहीं, दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक बालू कंपनी के कोइलवर कार्यालय, हिमांशु कॉम्पलेक्स पर छापेमारी चलती रही.
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह साढ़े तीन बजे पटना पुलिस कोइलवर के ब्रॉडसन कंपनी के एक साझेदार अलीमुद्दीन खान के घर भारी संख्या में पहुंची. विशेष टीम ने छापेमारी के दौरान किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी. विशेष टीम द्वारा लगभग एक घंटा तक छापेमारी की गयी. पुलिस के पदाधिकारियों ने उच्च स्तरीय जांच का हवाला देते हुए
इस मामले में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया. पटना पुलिस ने बताया कि बालू उत्खनन, प्रेषण व परिवहन को लेकर बालू कंपनी के दर्जनों साझेदार पर मामला दर्ज है. इसी मामले में जांच को लेकर छापेमारी की गयी है. विशेष टीम के पदाधिकारियों के हाथ बालू कंपनी के कागजात मिलने की सूचना है.
बक्से और अलमारी को तोड़ फाइलों को खंगाला
31 जुलाई को बालू माफियाओं के ठिकाने पर पटना व भोजपुर पुलिस के छापे के बाद कोइलवर ब्लाॅक रोड स्थित बालू कंपनी (ब्रॉडसन कंपनी) में ताला लग गया है. बालू कंपनी के कार्यालय का ताला तोड़ चार घंटे तक फाइलों को खंगाला गया.
गुरुवार की दोपहर 2 बजे पटना पुलिस की स्पेशल टीम कोइलवर ब्लाॅक रोड स्थित बालू कंपनी के कार्यालय, हिमांशु कॉम्प्लेक्स पहुंची. कोइलवर अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी मृत्युंजय कुमार की देखरेख में बालू कंपनी के बंद कार्यालय का ताला तोड़ा गया, जिसके बाद पुलिस टीम कार्यालय में दाखिल हुई. दंडाधिकारी की देखरेख में कार्यालय में रखे बक्से व अालमारी को भी तोड़ फाइलों को खंगाला गया. पुलिस टीम कई फाइलें ले गयीं.
बताते चलें कि 11 अप्रैल को आयकर विभाग द्वारा बालू कंपनी के कार्यालय पर छापेमारी की गयी थी. जांच टीम ने बताया कि 30 सितंबर तक बालू उत्खनन ,प्रेषण व परिवहन पर रोक के बावजूद बालू कंपनी एनजीटी की नियमों की धज्जियां उड़ाती रहीं. साथ ही बताया की एनजीटी के नियम के विरुद्ध बालू का स्टॉक किया गया. कंपनी के लोगों को जानकारी थी कि एक जुलाई से बालू पर रोक लगने वाला है.
पटना. पुलिस द्वारा जब्त किये गये पोकलेन को गायब करने तथा इंजन व चेचिस नंबर से छेड़छाड़ करनेवाले 12 लोग चिह्नित किये गये हैं. पटना पुलिस इनकी तलाश कर रही है.
आरोप है कि इन लोगों ने पुलिस द्वारा जब्त पोकलेन को बिहटा इलाके में गड्ढा खोद कर उसमें छिपा दिया था. कुछ पोकलेन को झाड़ियों में छुपाया गया था. हालांकि पुलिस ने कुल 29 पोकलेन मशीनों को दोबारा बरामद कर लिया था. अब पुलिस इसमें शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. अवैध तरीके से बालू खनन करनेवाले कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीन लोगों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. इसमें विपुल सिंह, रौशन और दीपक सिंह शामिल हैं.
पटना. अवैध बालू खनन के खिलाफ चल रही पुलिस की कार्रवाईमें अब तक पटना जिले में 39 प्राथमिकियां दर्ज की गयी हैं. अवैध बालू खनन से जुड़े 92 लोग गिरफ्तार किये जा चुके हैं. 265 ट्रक, 46 ट्रैक्टर, 38 हाइवा, 33 पोकलेन, 5 डीसीएम एवं 5 नावों को जब्त किया गया हैं. पटना के जोनल आइजी नैयर हसनैन खां ने गुरुवार को पटना जिले के अापराधिक घटनाओं व पुलिस की उपलब्धियों की समीक्षा की. इस दौरान अवैध बालू खनन का मुद्दा छाया रहा. बैठक में आइजी ने स्पष्ट निर्देश जारी किया की अवैध बालू खनन पर पूरी तरह रोक रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >