को-ऑपरेटिव बैंक में लगायी सेंध

वारदात . चोरों ने कैश केबिन और सेफ रूम का ताला तोड़ा चोरों ने दो सीसीटीवी कैमरों को भी कर दिया था डिस्कनेक्ट उदवंतनगर : चोरों ने बीती रात उदवंतनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित सेंट्रल को-आॅपरेटिव बैंक में सेंध लगा दी. हालांकि चोरी का प्रयास असफल रहा. बैंक का सारा सामान सुरक्षित है. बैंक के सीसीटीवी […]

वारदात . चोरों ने कैश केबिन और सेफ रूम का ताला तोड़ा

चोरों ने दो सीसीटीवी कैमरों को भी कर दिया था डिस्कनेक्ट
उदवंतनगर : चोरों ने बीती रात उदवंतनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित सेंट्रल को-आॅपरेटिव बैंक में सेंध लगा दी. हालांकि चोरी का प्रयास असफल रहा. बैंक का सारा सामान सुरक्षित है. बैंक के सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीर भी कैद हो गयी है. उदवंतनगर थाने से महज ढाई सौ मीटर की दूरी पर स्थित बैंक में सेंध लगा कर चोरों ने एक प्रकार से पुलिस को भी चुनौती दे दी है.
शाखा प्रबंधक शैलेश कुमार ने बताया कि रोजाना की तरह जब बैंक खुला, तो सेंध देखकर बैंककर्मी सन्न रह गये. बैंक में कागजात बिखरे पड़े थे. कैश केबिन और सेफ रूम का ताला खुला पड़ा था, लेकिन सेफ से छेड़छाड़ नहीं की गयी थी. इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस व बैंक के वरीय पदाधिकारियों को दी गयी. सीसीटीवी फुटेज में चोरों का चेहरा पहचान में नहीं आया. चोर मुंह पर कपड़ा बांधे थे तथा एक ने चश्मा पहन रखा था. चोर संख्या में दो दिखाई पड़े.
चोरों ने तीन सीसीटीवी कैमरे में से दो को डिस्कनेक्ट कर दिया तथा एक को डंडे के सहारे दीवार की ओर मुड़ा दिया था. सीसीटीवी कैमरे में रात्रि 1 बजकर 13 मिनट से 1 बजकर 17 मिनट तक का फुटेज है. मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. वैसे चोरों ने पहली बार बैंक में सेंधमारी का प्रयास किया है.
आहट पाकर निकल भागे चोर
बताया जा रहा है कि बैंक में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे चोर किसी के आने की आहट पाकर वहां से भाग निकले. बैंक के अंदर प्रवेश कर सेफ और कैश केबिन का ताला तोड़ने के बाद चोर बगैर कुछ किये ही वहां से भाग निकले. प्रखंड परिसर में बैंक है.
जांच करने पहुंचे बैंक के वरीय पदाधिकारी
बैंक में सेंध लगाने की सूचना के बाद वरीय पदाधिकारी भी जांच के लिए पहुंच गये. को-आॅपरेटिव बैंक के हेड ऑफिस से एकाउंट मैनेजर राजीव रंजन तथा एकाउंटेंट प्रदूमन सिंह ने बैंक का निरीक्षण किया. इस दौरान नकद व सभी सामान सुरक्षित पाये जाने पर राहत की सांस ली. इधर बैंक के मैनेजर के द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >