गृहस्वामी ने दी पुलिस को सूचना, की जा रही है छानबीन
आरा/तरारी : तरारी प्रखंड की शंकरडीह पंचायत के कुदरिया गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर में घुस कर नकदी, गहने व कपड़ों समेत लाखों का सामान चुरा लिया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी चोर आराम से भाग निकले.
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात सीढ़ी के सहारे चोर घर में घुस गये और घर में सभी लोगों को बंधक बना लिया गया. हथियार का भय दिखा कर चोरों ने घर में रखे लाखों रुपये के गहने कपड़े व नकदी लूट ली. बताया जा रहा है कि कुदरिया गांव निवासी गोपाल साह के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया. इस दौरान जेवरात, कपड़े भरा बक्सा, सूटकेस एवं 40 हजार नकद चुरा कर भाग गये. बुधवार की सुबह इस घटना की सूचना गोपाल साह द्वारा तरारी थाने को दी गयी. तरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गयी है. वहीं चोरों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है. इस घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है.
घर के सदस्यों का कहना है कि मंगलवार की रात जो हुआ वह देख कर सारे लोगों को रोंगटे खड़े हो जा रहे हैं. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए छापेमारी कर रही है. घटना के बाद पुलिस की कलई खुल गयी है. चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए घर में घुस कर चोरी की घटना काे अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती खड़ा कर दी है.
