दोषी पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई : एसपी
आरा : मैट्रिक की छात्रा के खुदकुशी करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. नामजद युवकों पर युवती से छेड़खानी करने और घर में घुस कर बदसलूकी करने का आरोप है. वहीं दूसरी तरफ इस मामले में धनगाई थाने के द्वारा भी कार्रवाई नहीं किये जाने के मामले को भी गंभीरता से लिया गया है. इस मामले में दोषी पुलिस कर्मियों पर भी गाज गिरेगी. पुलिस कप्तान क्षत्रनील सिंह ने बताया कि खुदकुशी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
पूरे मामले की जांच की जिम्मेवारी जगदीशपुर एसडीपीओ दयाशंकर को सौंपी गयी है. जांच के क्रम में दोषी पाये जाने पर सभी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. इधर दूसरी तरफ सोमवार की सुबह पंखे में लटक कर खुदकुशी करनेवाली छात्रा के पिता गुड़गांव से अपने गांव दलीपपुर पहुंचे, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में पुलिस की देख-रेख में कराया गया.
गांगी घाट पर छात्रा के शव का दाह- संस्कार किया गया. बता दें कि रविवार को मैट्रिक की छात्रा ने दो मनचलों की छेड़खानी से परेशान होकर खुदकुशी कर ली थी. छेड़खानी की शिकायत लेकर छात्रा की मां धनगाई थाना भी गयी थी लेकिन पुलिस के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गयी थी. छात्रा की खुदकुशी के बाद पुलिस को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था.
