BHAGALPUR : विक्रमशिला पुल हादसा : नाव-बोट से आवागमन, डीएम ने संभाली कमान
विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद होने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
नवगछिया, भागलपुर से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट :
विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद होने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी कड़ी में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी नवगछिया के महादेवपुर गंगा घाट पर एसडीआरएफ की बोट से पहुंचे और मौके पर चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. डीएम ने घाट पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और यात्रियों की सुगमता को लेकर हर पहलू की बारीकी से जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.डीएम ने कहा कि विक्रमशिला पुल के बंद होने से आम लोगों की परेशानी को देखते हुए नाव, बोट और क्रूज के माध्यम से आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि घाट पर आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. घाट पर उपलब्ध सुविधाओं में शामिल हैं: यात्रियों के लिए शेड और बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी की उपलब्धता एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती,
इमरजेंसी के लिए हेल्थ सपोर्ट सिस्टम कंट्रोल रूम की स्थापना
डीएम ने बताया कि नाव संचालन में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. सभी नाव चालकों को लाइफ जैकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई गई है और नावों को उनकी क्षमता के अनुसार ही संचालित किया जा रहा है, ताकि ओवरलोडिंग न हो. उन्होंने संतोष जताते हुए कहा कि यात्रियों को नाव पर चढ़ने के लिए मात्र 5 से 10 मिनट का ही इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे स्थिति नियंत्रण में है. यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो अतिरिक्त बड़े क्रूज ऑपरेटरों को भी सेवा में लगाया जाएगा. सरकारी स्तर पर चार नावें लगातार इस पार से उस पार चल रही हैं, जबकि कई निजी नावें भी निर्धारित किराए पर सेवा दे रही हैं. साथ ही घाट पर टोटो और टेम्पो के किराए भी प्रशासन द्वारा तय किए गए हैं, जिससे लोगों को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी न हो विक्रमशिला पुल को लेकर बड़ा अपडेट डीएम ने भरोसा दिलाया कि एक महीने के भीतर पुल को लेकर अच्छी खबर सामने आएगी. हालांकि, पूरी तरह से मरम्मत में थोड़ा समय लग सकता है, जिसके लिए विशेषज्ञ टीम लगातार काम कर रही है.अंत में डीएम ने आम जनता की सराहना करते हुए कहा कि लोग धैर्यपूर्वक बारी-बारी से नाव का उपयोग कर रहे हैं, जो व्यवस्था बनाए रखने में बड़ी मदद कर रहा है.