भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट :
भागलपुर रेलवे स्टेशन के पास रेल लाइनों के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. गुमटी नंबर 1 से 3 के बीच नई लाइनों के बिछाने और अंडरपास निर्माण की दिशा में रेलवे ने बड़ी प्रगति की है.अंडरपास निर्माण के लिए ””बॉक्स”” तैयार
रेलवे के आइओडब्ल्यू ओपी भगत ने जानकारी दी कि गुमटी नंबर 1 और 2 के पास बनने वाले अंडरपास के लिए बॉक्स बनाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है. एक बार बॉक्स बनकर तैयार हो जाने के बाद, जमीन की खुदाई का काम शुरू होगा. खुदाई के तुरंत बाद तैयार बॉक्सों को जमीन के अंदर धंसाया जायेगा, जिससे अंडरपास का ढांचा तैयार होगा. इससे भविष्य में रेल यातायात और आम लोगों के आवागमन में सुगमता होगी.
पटरी बिछाने का काम अंतिम चरण में
गुमटी नंबर 1 से 3 तक स्लीपर के साथ पटरी बिछाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, यहां कुल 8 शंटिंग लाइन का निर्माण होना है. इस परियोजना की महत्ता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन काम की प्रगति का मूल्यांकन किया जा रहा है.अतिक्रमण पर लगाम के लिए फेंसिंग
रेलवे प्रशासन अपनी खाली जमीन को लेकर भी सख्त रुख अपना रहा है. गुमटी नंबर 1 से 3 के बीच रेलवे की जमीन पर दोबारा छोटा-मोटा भी अतिक्रमण न हो, इसके लिए फेंसिंग (घेराबंदी) का काम शुरू कर दिया गया है. फेंसिंग हो जाने से रेलवे की जमीन सुरक्षित रहेगी और भविष्य में विस्तार कार्य में बाधा नहीं आयेगी.
