टीएमबीयू में पेंशन के बदले 3 लाख का खेल! रिश्वत के लेन-देन का ऑडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

भागलपुर के तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में पेंशन और सेवांत लाभ जारी कराने के नाम पर कथित तौर पर 3 लाख रुपये के रिश्वत का मामला सामने आया है. एक सेवानिवृत्त कर्मी ने विश्वविद्यालय के एक अधिकारी और कर्मचारी पर पैसे लेने का आरोप लगाया है, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

भागलपुर. तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में पेंशन और सेवांत लाभ जारी कराने के नाम पर कथित तौर पर पैसे के लेनदेन का मामला सामने आया है. एक सेवानिवृत्त कर्मी ने विश्वविद्यालय के एक अधिकारी और एक कर्मचारी पर तीन लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है. मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों के बीच इसकी चर्चा तेज हो गयी है. हालांकि वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकी है. आरोपों को लेकर संबंधित विश्वविद्यालय अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका.

वायरल ऑडियो में तीन लाख रुपये लेकर सेवांत लाभ जारी कराने का आरोप

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर तीन लाख रुपये के बदले पेंशन और सेवांत लाभ की राशि जारी कराने की बात कही गयी है. ऑडियो में एक सेवानिवृत्त कर्मी दूसरे सेवानिवृत्त कर्मी से पेंशन और सेवांत लाभ जारी कराने को लेकर बातचीत कर रहे हैं.

बताया जा रहा है कि पूर्व में भी टीएमबीयू पेंशनर संघर्ष मंच ने सेवांत लाभ जारी करने के नाम पर कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा रुपये मांगे जाने के आरोप लगाए थे. पेंशनरों का आरोप रहा है कि कुछ फाइलों को प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाया जाता है. हालांकि इन आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकी है.

दो सेवानिवृत्त एसओ की बातचीत में लेनदेन का दावा

वायरल ऑडियो में दो सेवानिवृत्त एसओ के बीच कथित बातचीत बतायी जा रही है. इसमें एक सेवानिवृत्त एसओ की पेंशन और अन्य सेवांत लाभ अब तक शुरू नहीं होने की बात सामने आती है. बातचीत के दौरान उन्होंने इलाज के लिए आर्थिक परेशानी का जिक्र करते हुए पहले से सेवानिवृत्त एक एसओ से सेवांत लाभ मिलने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली. कथित बातचीत में दूसरे एसओ ने एक वर्तमान एसओ से संपर्क करने की सलाह देते हुए कहा कि उनसे मिलने पर काम जल्द हो सकता है.

पांच दिन में काम कराने के लिए तीन लाख रुपये देने का आरोप

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर यह भी दावा किया गया है कि पेंशन और सेवांत लाभ जारी कराने के लिए तीन लाख रुपये लिये गये थे. बातचीत में एक विश्वविद्यालय अधिकारी तक भी राशि पहुंचाने की बात कही गयी है.

कथित बातचीत के अनुसार राशि देने के बाद पांच दिनों के भीतर पेंशन जारी होने का दावा किया गया. वहीं, सेवांत लाभ से वंचित सेवानिवृत्त कर्मी ने कथित बातचीत में आर्थिक स्थिति खराब होने और इलाज के लिए पैसे नहीं होने की बात कही है. उन्होंने कथित तौर पर मामले को लेकर अदालत की शरण लेने की बात भी कही.

पेंशनर संघर्ष मंच ने प्रभारी कुलपति से जांच की मांग की

टीएमबीयू पेंशनर संघर्ष मंच के पूर्व एसओ सह संयोजक अमरेंद्र झा ने कहा कि वायरल ऑडियो में पेंशन भुगतान कराने के मामले में बड़ी राशि के कथित लेनदेन से जुड़ा संवाद गंभीर है. उन्होंने प्रभारी कुलपति से मामले की तत्काल जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.

छह दिन बाद भी स्थापना शाखा कार्यालय में लटका है ताला

इधर टीएमबीयू के ग्राउंड फ्लोर स्थित स्थापना शाखा का कार्यालय छह दिन बाद भी नहीं खुला है. कार्यालय में ताला लटका हुआ है और शाखा के कर्मचारी दूसरे कार्यालय में बैठकर जरूरी काम निबटा रहे हैं. जानकारी के अनुसार छह दिन पहले प्रभारी कुलपति के आदेश पर उनके पीए ने स्थापना शाखा के कार्यालय में ताला लगा दिया था. साथ ही वहां के एसओ को कार्यमुक्त कर दिया गया था.

स्थापना शाखा बंद रहने से जरूरी कार्य प्रभावित होने की चर्चा

स्थापना शाखा कार्यालय लगातार बंद रहने से विश्वविद्यालय के कई जरूरी कार्य प्रभावित होने की चर्चा है. कर्मचारियों को दूसरे कार्यालयों में बैठकर काम करना पड़ रहा है. वायरल ऑडियो में लगाए गये आरोप और स्थापना शाखा के कार्यालय बंद रहने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन का स्पष्ट पक्ष सामने नहीं आ सका है. ऐसे में पेंशनरों और कर्मचारियों की नजर अब विश्वविद्यालय प्रशासन की संभावित कार्रवाई और जांच पर टिकी है.

इसे भी पढ़ें: सितंबर में नहीं थमेगी मानसून की रफ्तार, अगले 72 घंटे के दौरान इन जिलों में होगी भयंकर बारिश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आरफीन जुबैर

आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >