Bhagalpur News : अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, नवगछिया वरुण कुमार ने रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी लाइसेंसधारी उर्वरक विक्रेताओं को सख्त निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि जिले में यूरिया, पोटाश समेत अन्य रासायनिक उर्वरकों की कोई कमी नहीं है और किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है.
उर्वरक की नहीं है कोई कमी
वरुण कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से नवगछिया रैक प्वाइंट पर विभिन्न कंपनियों के यूरिया सहित अन्य रासायनिक उर्वरकों की लगातार खेप पहुंच रही है. पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध होने के कारण किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है.
अधिक कीमत वसूलने पर होगी कार्रवाई
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने सभी अनुज्ञप्तिधारी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत नहीं ली जाए. यदि किसी किसान से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित डीलर के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कई बाजारों में किया औचक निरीक्षण
उन्होंने बताया कि सुकटिया बाजार, रंगरा, नवगछिया, गोपालपुर और खरीक समेत विभिन्न बाजारों में उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया. इसके अलावा नवगछिया स्थित रैक प्वाइंट का भी निरीक्षण कर उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया.
किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने किसानों से जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि इससे किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ समय पर मिलेगा और उर्वरकों का वितरण भी पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जा सकेगा.
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों को समय पर उचित मूल्य पर सभी प्रकार के रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कालाबाजारी या अनियमितता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
