Sultanganj Shravani Mela: सुलतानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर श्रावणी मेला के अवसर पर जीविका दीदी की ओर से कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है. शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान बांका सांसद गिरधारी यादव ने भोजनालय की व्यवस्थाओं की सराहना की.
सांसद ने कांवड़ियों से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान सांसद गिरधारी यादव ने भोजन कर रहे श्रद्धालुओं से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि कांवड़ियों को कम लागत में स्वच्छ और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है.
जीविका दीदी की पहल की सराहना
सांसद ने कहा कि सरकार जीविका दीदी को लगातार आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा शिविर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहद उपयोगी हैं और भविष्य में कांवड़िया पथ पर ऐसे और शिविर लगाए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को लाभ मिल सके.
देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधा
Sultanganj Shravani Mela: उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को जीविका दीदी के माध्यम से शुद्ध एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. इससे न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिल रही है, बल्कि बिहार की सकारात्मक छवि भी मजबूत हो रही है.
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान कहलगांव विधायक शोभानंद मुकेश, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रणम यादव, भाजपा नेता पवन मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता उपस्थित रहे.
