गोपालपुर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर शुरू किया गया है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने फीता काटकर काउंटर का विधिवत उद्घाटन किया.
24 घंटे उपलब्ध रहेगा कर्मी
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने बताया कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए काउंटर पर 24 घंटे एक कर्मी की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी.
ड्यूटी पर तैनात कर्मी मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं और विभागों की जानकारी देगा. इससे खासकर पहली बार सीएचसी पहुंचने वाले मरीजों को अस्पताल के अलग-अलग विभागों की जानकारी लेने में आसानी होगी.
पंजीयन से लेबर रूम तक मिलेगी जानकारी
‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर पर तैनात कर्मी मरीजों को बताएगा कि अस्पताल में पंजीयन कहां कराया जाता है, ओपीडी किस स्थान पर संचालित होती है और दवा का वितरण कहां से होता है.
इसके अलावा लेबर रूम सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं किस स्थान पर उपलब्ध हैं, इसकी जानकारी भी मरीजों और उनके परिजनों को दी जायेगी.
पहली बार आने वाले मरीजों को सबसे ज्यादा सुविधा
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार नए मरीजों को अक्सर अलग-अलग सेवाओं और विभागों की जानकारी के लिए इधर-उधर पूछताछ करनी पड़ती है. हेल्प काउंटर शुरू होने से ऐसी परेशानी कम होगी और मरीज सीधे संबंधित स्थान तक पहुंच सकेंगे.
उद्घाटन के मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक आतिश कुमार राय, बीसीएम सूरज कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे.
