Bhagalpur News. होली के रंग में डूबा बाजार, ग्राहकों से दुकानें रही गुलजार

होली के रंगों से गुलजार रहा बाजार.

-फुटपाथ पर सजी रंग की दुकानें, होली सामग्री की बढ़ी चौगुनी बिक्री और देर रात तक बाजार पहुंचते रहे ग्राहक शहर के फुटपाथ व चौक चौराहे सोमवार को सुबह से ही रंगों से गुलजार रहा. फुटपाथी दुकानदार तरह-तरह के मास्क पहन होली की ब्रांडिंग करते रहे. दुकानदार अपनी दुकानों में फाग गीत के कैसेट बजा ग्राहकों को लुभा रहे थे. बाजार पूरी तरह से होली के रंग में डूब गया था और ग्राहकों से बाजार भी गुलजार हो गया. होलिका दहन के दिन तरह-तरह की हरी सब्जियां परबल 200 रुपये किलो, 120 से 150 रुपये किलो तक भिंडी, हरा चना 80 रुपये पाव, कटहल 100 से 120 रुपये किलो, भटा बैगन 60 से 70 रुपये किलो तक बिके. होली को लेकर वेज मटन के रूप में प्रसिद्ध कटहल की डिमांड रही. ऐसे में इसकी कीमत पहले से 30 रुपये किलो तक चढ़ गयी. मुख्य बाजार स्थित वेराइटी चौक, लोहापट्टी, सब्जी मार्केट, सूजागंज बाजार समेत शहर के विभिन्न चौक-चौराहे पर होली के सामान की धूम थी. फागुन की विदाई व चैत के स्वागत को लेकर लोगों में गजब का उत्साह दिख रहा है. होली के सामान की बिक्री चौगुनी हो गयी है. होली रंग में ग्राहक इतने रंग गये हैं कि महंगाई का रंग बेअसर हो गया है. बाजार में पिचकारी, रंग-अबीर, मेवा, किराना, डिजाइनदार धोती-कुर्ता सेट ने ग्राहकों का स्वागत किया. इस बार डिजाइनर पिचकारी, आकर्षक फ्रूट रंग, सोना-चांदी कलर, टू इन वन कलर उतारे गये हैं. राक्षस व भूत वाला मास्क को और आकर्षक बनाया गया है. इतना ही नहीं युवाओं व बच्चों को रंग-बिरंगे घुंघराले विग ने आकर्षित किया. बाजार में होली स्पेशल टी-शर्ट व कुर्ता-पाजामा का क्रेज दिखा. कपड़ा दुकानदार रतीश झुनझुनवाला ने बताया कि होली को लेकर फैंसी कुर्ता, पंजाबी कुर्ता, रंग-बिरंगे कुर्ता-पायजामा, सफेद कुर्ता-पायजामा युवाओं को पसंद है. युवतियों को टी-शर्ट, कैफरी, प्लाजो, रंग-बिरंगे टी-शर्ट भा रहा है. होली सभी पर्व-त्योहारों से हट कर है. अंग क्षेत्र भागलपुर, बांका आदि में पुआ, ठेकुआ, माल पुआ, दही बाड़ा, पुड़ी, पिरुकिया आदि का खास महत्व है. बाजार में भी मालपुआ, ठेकुआ, गुजिया आदि बिक रहे हैं. आदर्श जलपान के संचालक बलराम झुनझुनवाला ने बताया कि रेडिमेड मालपुआ 30 रुपये पीस बिक रहे हैं, तो राजस्थानी रसभरे मालपुआ भी 30 रुपये पीस बिक रहे हैं. गुजिया 30 रुपये पीस और 650 रुपये किलो बिक रहे हैं. मेवा वाला बिना भांग का ठंडाई 70 रुपये ग्लास बिक रहे हैं. वहीं बुधिया गली में शर्मा परिवार 60 वर्षों से ठंडाई बेच रहे हैं, जो कि भांगयुक्त है. दिनभर लोगों की कतारें ठंडाई पीने को लेकर लगी रही. यहां भी 70 रुपये ग्लास ठंडाई बिक रहे थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >