भागलपुर, नारायणपुर. कटिहार-बरौनी रेलखंड पर स्थित नारायणपुर रेलवे स्टेशन के पूरब मधुरापुर रेलवे समपार फाटक संख्या 20Cpl. पर ट्रैक मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है. इसके कारण 31 अगस्त और 1 सितंबर को निर्धारित समय के दौरान इस समपार से सड़क यातायात पूरी तरह बाधित रहेगा. रेलवे की ओर से लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की गयी है.
सुबह आठ से शाम पांच और रात दस से सुबह छह बजे तक रहेगा बंद
मधुरापुर रेलवे समपार फाटक संख्या 20Cpl. के पास सोमवार और मंगलवार को ट्रैक मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है. जारी सूचना के अनुसार दोनों दिन सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक तथा रात दस बजे से अगले दिन सुबह छह बजे तक इस समपार से आवागमन बाधित रहेगा. थाना बिहपुर के सीनियर सेक्शन इंजीनियर की ओर से मधुरापुर समपार गेट संख्या 20 पर इस संबंध में सूचनात्मक नोटिस भी चिपकाया गया है, ताकि स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को पहले से जानकारी मिल सके.
रेलवे ने समपार संख्या 21Cpl. से आवागमन की अपील की
रेलवे ने आम लोगों से अपील की है कि मेंटेनेंस कार्य की अवधि में आवागमन के लिए समपार संख्या 21Cpl. का उपयोग करें. संबंधित सूचना वरिष्ठ खंड अभियंता गिरिधर गोपाल सिंह की ओर से जारी की गयी है. इधर, समपार संख्या 20 प्रभावित होने के कारण लोग वैकल्पिक मार्ग के रूप में पश्चिमी समपार गेट संख्या 21 से आवागमन कर रहे हैं.
अप और डाउन लाइन पर लगाया जा रहा रबर प्लेट
मेंटेनेंस कार्य स्थल पर मौजूद सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुदीन प्रसाद सिंह ने बताया कि समपार पर अप और डाउन दोनों लाइन में रबर प्लेट लगाया जा रहा है. इसका उद्देश्य यह है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी नहीं हो और सड़क व रेल यातायात अधिक सुगम रह सके.
स्थानीय प्रशासन और रेलवे अधिकारियों को दी गयी सूचना
मेंटेनेंस कार्य और समपार पर आवागमन प्रभावित होने की सूचना स्थानीय प्रशासन, स्टेशन अधीक्षक, सोनपुर मंडल समेत अन्य संबंधित वरीय अधिकारियों को दी गयी है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद बुधवार की सुबह करीब सात बजे से मधुरापुर रेलवे समपार फाटक संख्या 20 पर सामान्य आवागमन शुरू होने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें: सितंबर में नहीं थमेगी मानसून की रफ्तार, अगले 72 घंटे के दौरान इन जिलों में होगी भयंकर बारिश
