जोगसर थाना क्षेत्र के बूढ़ानाथ मंदिर में गुरुवार रात एक अनोखा मामला सामने आया, जब सोशल मीडिया पर पनपे प्रेम संबंध के बाद तय हुई शादी मंडप पर ही टूट गयी. जानकारी के अनुसार, युवक बाथ थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि युवती भीखनपुर इलाके की निवासी है. दोनों की मुलाकात कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया. इसके बाद परिजनों के बीच बात हुई, शगुन लिया गया और शादी की तारीख तय कर दी गयी.
गुरुवार की रात को तय कार्यक्रम के अनुसार युवती पक्ष के लोग पूरी तैयारी के साथ बूढ़ानाथ मंदिर पहुंचे. युवक को शाम सात बजे बुलाया गया था, लेकिन वह देर से रात करीब नौ बजे अपने एक साथी के साथ बाइक से पहुंचा. मंदिर प्रशासन की ओर से जब उससे आधार कार्ड व अभिभावक की उपस्थिति की मांग की गयी, तो वह अचानक शादी से मुकर गया. इसके बाद दोनों पक्षों से कभी हां, कभी न की स्थिति बनती रही. मामला जोगसर थाना तक पहुंच गया. अंत में लड़की वालों ने ऐसे लड़के से शादी करने से इनकार कर दिया. जिसके बाद देर रात सभी अपने अपने घरों के लिए रवाना हुए.
