सिल्क सिटी भागलपुर के स्थानीय थोक एवं खुदरा बाजारों में इन दिनों मिलाजुला रुख देखने को मिल रहा है. जहां अधिकांश सामान्य खाद्यान्नों के भाव सामान्य बने हुए हैं, वहीं सर्राफा बाजार में कीमती धातुओं की दरें रिकॉर्ड स्तर पर टिकी हुई हैं. दूसरी तरफ दलहन और तेलहन बाजार में चुनिंदा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है, जिससे त्योहारी व वैवाहिक सीजन से पहले उपभोक्ताओं और कारोबारियों की हलचल बढ़ गई है.
सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर
भागलपुर के सर्राफा बाजार में पिछले एक महीने से भारी उतार-चढ़ाव के बाद अब कीमतें उच्च स्तर पर स्थिर बनी हुई हैं. वर्तमान बाजार भाव के अनुसार 24 कैरेट शुद्ध सोना 1 लाख 45 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है, जबकि आभूषण निर्माण में प्रयुक्त होने वाला 22 कैरेट सोना 1 लाख 31 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है. इसके साथ ही चांदी की कीमत 2 लाख 35 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड भाव पर मजबूती के साथ टिकी हुई है.
दलहन और अनाज मंडी में दालों के ताजा तेवर
अनाज और दलहन मंडी में अरहर और चना दाल के भावों में मजबूती देखी जा रही है, जबकि अन्य दालों की कीमतें अपेक्षाकृत स्थिर हैं. बाजार में चना और मसूर दाल 72 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है. वहीं अरहर दाल की कीमत 120 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में चल रही है. मूंग दाल 98 रुपये प्रति किलोग्राम तथा कलाई (उड़द) दाल 105 से 115 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर उपलब्ध है. सामान्य उपयोग का आटा 35 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बना हुआ है.
कतरनी चावल और चूड़ा की मांग, चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी
अनाज मंडी में भागलपुर का प्रसिद्ध सुगंधित कतरनी चावल अपनी गुणवत्ता और वैरायटी के आधार पर 80 रुपये से लेकर 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है, जबकि आम उपभोक्ताओं के लिए स्वर्णा चावल 40 रुपये प्रति किलोग्राम के किफायती भाव पर मिल रहा है. कतरनी चूड़ा की दर 110 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच बनी हुई है. इधर चीनी के थोक भाव में भी बड़ा इजाफा देखने को मिला है, जहां 50 किलोग्राम वाली चीनी की बोरी 2300 रुपये से उछलकर अब 2640 रुपये के स्तर पर पहुंच गई है.
खाद्य तेलों के बाजार में लगातार तेजी का दौर
तेलहन और एडिबल ऑयल बाजार में पिछले तीन महीनों के दौरान लगातार मूल्य वृद्धि का सिलसिला जारी है. 15 किलोग्राम वाले मंगल ब्रांड सरसों तेल का डिब्बा, जो तीन माह पूर्व 2475 रुपये में बिक रहा था, पहले बढ़कर 2800 और अब 2930 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है. इसके अलावा रिफाइन पाम तेल 2350 से 2450 रुपये प्रति 13 लीटर के दायरे में बना हुआ है, जबकि भोजन वनस्पति घी का 15 किलोग्राम वाला जार 2480 रुपये में मिल रहा है.
आगामी सीजन में और बढ़ सकती हैं कीमतें
बाजार के जानकारों और स्थानीय थोक व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मांग और आपूर्ति के समीकरणों के आधार पर दामों में और फेरबदल हो सकता है. व्यापारियों के अनुसार आगामी लगन और त्योहारी मौसम को देखते हुए यदि बाजार में मांग में भारी उछाल आता है, तो विशेष प्रीमियम उत्पादों और खाद्य तेलों की कीमतों पर इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है.
