Bhagalpur News. बिजली, पानी व सफाई की समस्या के समाधान के लिए जारी होगा टोल फ्री नंबर

डीएम व एसएसपी ने प्रेस को किया संबोधित.

– सबका सम्मान, जीवन आसान : डीएम-एसएसपी ने समीक्षा भवन में की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस

बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय सबका सम्मान–जीवन आसान को लेकर शुक्रवार को समीक्षा भवन, में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव की संयुक्त अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गयी. जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य लोगों के जीवन में आने वाली छोटी-बड़ी परेशानियों को कम करना है. इसके तहत बिजली, पानी, सफाई और शिक्षा से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जल्द टोल फ्री नंबर जारी किए जाएंगे. डीएम ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपने निर्धारित कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहेंगे और आम लोगों की शिकायतें सुनेंगे.

शिकायतों को सम्मानपूर्वक और संवेदनशील होकर सुनेंगे पदाधिकारी

डीएम ने स्पष्ट किया कि पदाधिकारी शिकायतों को सम्मानपूर्वक और संवेदनशीलता के साथ सुनेंगे तथा त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे. यदि किसी अपरिहार्य कारण से संबंधित पदाधिकारी उपस्थित नहीं रहते हैं तो उनके द्वारा अधिकृत अधिकारी यह जिम्मेदारी निभाएंगे. प्राप्त आवेदनों को शिकायत पंजी में दर्ज किया जाएगा और इसकी नियमित निगरानी होगी. इसकी जांच के लिए अलग टीम भी गठित की जाएगी.

सबों की जिम्मेदारी, बच्चा स्कूल से न रहे बाहर

शिक्षा को लेकर डीएम ने कहा कि राज्य सरकार वर्तमान में करीब 35 हजार करोड़ रुपये केवल शिक्षकों के वेतन पर खर्च कर रही है, इसके बावजूद बच्चे सरकारी स्कूलों की ओर नहीं लौट रहे हैं. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में जरूर पढ़ने भेजें. जब अच्छे शिक्षक सरकारी संस्थानों में उपलब्ध हैं तो प्राइवेट शिक्षकों से पढ़वाने का कोई औचित्य नहीं है.

मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, धैर्य रखना जरूरी

स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए डीएम ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में इलाज और दवा लेकर लौटने में औसतन 35 से 50 मिनट का समय लग रहा है, जबकि निजी अस्पतालों में इससे अधिक समय लगता है. इसके बावजूद मरीज थोड़ा इंतजार नहीं करना चाहते. उन्होंने कहा कि मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में धैर्य रखना जरूरी है. सड़क हादसों में घायलों के इलाज में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि मायागंज अस्पताल पहुंचने के बाद पहले इलाज किया जाए, चौकीदार ढूंढने में समय न गंवाया जाए. यदि रेफर करना हो तो संबंधित अस्पताल को पहले सूचना दी जाए, ताकि मरीज के पहुंचने से पहले तैयारी रहे.

डरने की जरूरत नहीं, पुलिस है सतर्क

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि सबका सम्मान–जीवन आसान के तहत पुलिस विभाग भी पूरी तरह सक्रिय है. स्कूल और कॉलेजों के आसपास पुलिस टीम की मुस्तैदी बढ़ाई जाएगी और पेट्रोलिंग व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है. लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा कि वे सुरक्षित हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस को बेहतर संसाधन मिल रहे हैं, जिसका लाभ आम जनता को दिया जाएगा. साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले प्रशिक्षित डीएसपी को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है और जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. एसएसपी ने कहा कि डरने की जरूरत नहीं है, पुलिस सतर्क है और यदि कहीं शिकायत नहीं सुनी जा रही है तो उसके समाधान के लिए जिला स्तर पर अधिकारी मौजूद हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >