भागलपुर: तीसरी सोमवारी पर शिवभक्ति में लीन हुई सिल्क सिटी, 51 किलो मेवा और एक लाख बेलपत्र से हुआ देवाधिदेव का श्रृंगार

भागलपुर शहर सावन की तीसरी सोमवारी पर शिव भक्ति में सराबोर रहा. प्रमुख मंदिरों में भक्तों ने जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. बूढ़ानाथ, भूतनाथ और शिव शक्ति मंदिरों में विशेष अनुष्ठान और अद्भुत श्रृंगार किया गया.

पवित्र सावन मास की तीसरी सोमवारी पर भागलपुर शहर का कोना-कोना भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आया. ब्रह्ममुहूर्त में शिवालयों के पट खुलने से पहले ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. भक्तों ने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा. दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी इस भारी भीड़ के कारण बूढ़ानाथ, मनसकामना नाथ, भूतनाथ और कुपेश्वर नाथ जैसे प्रमुख मंदिरों के आसपास के मार्गों पर सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही, लेकिन शिवभक्तों की असीम श्रद्धा के आगे यह जाम भी बौना साबित हुआ और पूरा शहर 'बम-बम भोले' के जयकारों से गुंजायमान रहा.

जलार्पण करते श्रद्धालु

बूढ़ानाथ और भूतनाथ मंदिर में अद्भुत श्रृंगार व अनुष्ठान

शहर के ऐतिहासिक बूढ़ानाथ मंदिर में अलसुबह से ही जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का तांता लगा रहा. महंत शिवनारायण गिरि के कुशल संचालन में सुबह के अनुष्ठान संपन्न हुए, जबकि देर शाम बाबा का भव्य अलौकिक पुष्पोत्सव और श्रृंगार किया गया. इस अवसर पर आयोजित भजन संध्या में स्थानीय और बाहर से आए गायकों ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. मंदिर की व्यवस्था संभालने में प्रबंधक बाल्मिकी सिंह, दीपक सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा और नितिन भुवानिका की विशेष भूमिका रही. वहीं, साहेबगंज स्थित भूतनाथ मंदिर में तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर महादेव का 51 किलोग्राम मेवा से महाश्रृंगार किया गया. इस दौरान विशेष मंगल आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें तिरूपतिनाथ और डॉ. संदीप कुमार सहित भारी संख्या में भक्त उपस्थित रहे.

शिव शक्ति मंदिर में एक लाख बेलपत्र और पंचामृत से अभिषेक

आदमपुर स्थित शिव शक्ति मंदिर में आस्था का एक अत्यंत विहंगम दृश्य देखने को मिला, जहां महंत अरुण बाबा के संचालन में विशेष पूजन का आयोजन किया गया. शाम चार बजे सैकड़ों लीटर पवित्र गंगा जल, गुलाब जल, कमल के फूलों और एक लाख बेलपत्रों के साथ भगवान शिव का भव्य पंचामृत रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया. देर शाम यहां शुरू हुए जागरण कार्यक्रम ने पूरे माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया. इस विशाल आयोजन में अबन सिंह, दिनेश मंडल, चुन्नू, रामानंद तिवारी, विवेक यादव, राजेश, सौरभ सिंह, गोपाल, विभूति, सोहन, दिलखुश, रोहित और अंकित समेत तमाम शिवभक्तों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई.

कतारबद्ध श्रद्धालु

101 लीटर दूध से रुद्राभिषेक, पुष्पों से सजे शिवालय

शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रही. वेराइटी चौक स्थित दुग्धेश्वरनाथ मंदिर और कोतवाली चौक स्थित कुपेश्वरनाथ मंदिर में बाबा भोलेनाथ का 101 लीटर शुद्ध दूध से विशेष रुद्राभिषेक किया गया. कुपेश्वरनाथ मंदिर में पूजन का सफल संचालन महंत विजयानंद शास्त्री ने किया, जिसके बाद शाम छह बजे रंग-बिरंगे सुगन्धित फूलों से महादेव का नयनाभिराम श्रृंगार किया गया. इसी कड़ी में सखीचंद घाट स्थित जागेश्वर नाथ महादेव मंदिर में प्रधान पंडित सौरभ कुमार मिश्रा के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत रुद्राभिषेक संपन्न हुआ.

शहर भर के मंदिरों में दिनभर चला आस्था का दौर

नाथनगर के मनसकामना नाथ और गौशाला स्थित गोपेश्वर नाथ मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बरारी में रत्नेश सिंह के सहयोग से बाबा दुधेश्वरनाथ का रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया. इसके अलावा अलीगंज गंगटी के समीप सालेपुर स्थित सार्वजनिक बाबा बेलानाथ महादेव मंदिर में भी सोमवार को भव्य धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. चुनिहारी टोला स्थित श्री राणी सती दादी मंदिर में भी विशेष पूजन-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसे सफल बनाने में श्री दादी जी सेवा समिति के अध्यक्ष अनिल खेतान, ओमप्रकाश कानोडिया, संयोजक मनोज चूड़ीवाला और दीपक नवलगढ़िया का महत्वपूर्ण योगदान रहा. सावन की इस तीसरी सोमवारी ने पूरे भागलपुर को एक अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >