भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवटोलिया गांव में बुधवार की रात दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने तीन राउंड गोली चलने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों के अनुसार पूर्व के विवाद को लेकर नवटोलिया गांव के मदन यादव का पुत्र टुनटुन यादव व चौहद्दी गांव के ईशो यादव का पुत्र अमित कुमार उर्फ सुधीर यादव में गांव में ही बहसबाजी हुई है. सुधीर का भतीजा प्रिंस कुमार ने भवानीपुर थाने में मारपीट कर जख्मी करने का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है, जिसमें टुनटुन पक्ष को आरोपित बनाया है. टुनटुन पक्ष का कहना है कि केस मनगढ़ंत तथ्यों पर आधारित है. जानकारी के अनुसार गत सप्ताह टुनटुन के भतीजा अमृत को रेलवे पश्चिमी समपार फाटक के पास घेर कर ईशो सहित अन्य ने मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था. केस दर्ज होने पर सुधीर का भतीजा प्रिंस ने भी बाद में केस दर्ज कराया है, जिसकी जांच करने बुधवार को पुलिस आयी थी. इसी बात का टुनटुन ने सुधीर के पास विरोध किया. कहासुनी होने पर सुधीर ने अपने भाई देवेन्द्र व अन्य को बुलवाया व अलग-अलग जगह तीन फायरिंग की. ग्रामीणों का कहना है कि भवानीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों का वर्चस्व कायम है. आये दिन उक्त बदमाश छोटी- बड़ी घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं. बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़ी घटना हो सकती है. सूचना पर भवानीपुर पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. थानाध्यक्ष शुंभ कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
खाना बनाने के दौरान महिला झुलसी,रेफर
कहलगांव अंतिचक थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव में खाना बनाने के दौरान एक महिला आग की चपेट में आकर झुलस गयी. घायल महिला की पहचान राजीव गोस्वामी की पत्नी वंदना देवी (20) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार खाना बनाते समय अचानक महिला की साड़ी में आग लग गयी और देखते ही देखते आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल कहलगांव पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज, भागलपुर रेफर कर दिया गया. डाक्टरों ने बताया कि महिला 40% तक जल गयी है.
