बिहार के भागलपुर में 2 डीएसपी, 1 इंस्पेक्टर और 6 दारोगा पर एक्शन, 7 साल बाद तेजाब कांड में हुई कार्रवाई

Bihar News: भागलपुर के चर्चित तेजाब हत्याकांड में सात साल की लापरवाही के बाद बड़ी कार्रवाई हुई है. आईजी विवेक कुमार के निर्देश पर 9 पुलिस पदाधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई और दो डीएसपी पर अनुशासनिक जांच की अनुशंसा की गई है. मामला 2018 में विवाहिता को तेजाब पिलाकर मारने से जुड़ा है, जिसकी जांच में गंभीर चूक पाई गई.

Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले के बहुचर्चित तेजाब कांड में सात साल तक जांच में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों पर आखिरकार कार्रवाई की गाज गिरी है. 2018 में अकबरनगर थाना क्षेत्र में विवाहिता रजनी कुमारी की तेजाब पिलाकर हत्या के मामले में लंबे समय तक अनुसंधान में कोई ठोस प्रगति नहीं होने पर आईजी विवेक कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है.

आईजी के आदेश पर हुई कार्रवाई

आईजी के आदेश पर कांड के नौ अनुसंधानकर्ताओं पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं. इनमें तत्कालीन आइओ इंस्पेक्टर विकास कुमार के अलावा आठ अन्य एसआई और एएसआई स्तर के पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं. वहीं, इस लापरवाही की गंभीरता को देखते हुए दो पूर्व डीएसपी- नेसार अहमद शाह और डॉ. गौरव कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा भी पुलिस मुख्यालय से की गई है.

सात साल की चुप्पी और सड़ गया विसरा

कांड की समीक्षा में यह सामने आया कि सात वर्षों तक न तो अनुसंधानकर्ताओं ने जांच में कोई ठोस कदम उठाया और न ही लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी की ओर से किसी तरह की प्रगति रिपोर्ट दी गई. लापरवाही का आलम यह रहा कि पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया विसरा भी सड़ गया, जिससे मामले की वैज्ञानिक जांच संभव नहीं हो पाई. इससे अभियोजन पक्ष की स्थिति भी कमजोर पड़ने की आशंका जताई गई है.

किस पर हुई कार्रवाई?

जिन पुलिस पदाधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी हुए हैं, वे हैं: इंस्पेक्टर विकास कुमार, एसआई नसीम खां, मो. वारिस खान, मो. दिलशाद, संतोष कुमार शर्मा, पुष्पलता कुमारी, संतोष कुमार वर्मा, राकेश कुमार, एएसआई जितेंद्र कुमार. जिन दो डीएसपी के विरुद्ध अनुशासनिक जांच की अनुशंसा की गई है, वे हैं- नेसार अहमद शाह (पूर्व डीएसपी) डॉ. गौरव कुमार (पूर्व डीएसपी).

पीड़िता की आखिरी गवाही भी रही अनसुनी

घटना की शिकार रजनी कुमारी ने 31 मार्च 2018 को अस्पताल में दिए बयान में बताया था कि उसकी शादी अकबरनगर के धर्मवीर रजक से हुई थी और ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था. घटना वाले दिन उसकी सास और गोतनी ने टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब जबरन पिला दिया था, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई थी. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, लेकिन केस दर्ज होने के बावजूद सात साल तक जांच अधूरी पड़ी रही.

Also Read: नीतीश सरकार की 15 बड़ी घोषणाएं: फ्री बिजली से लेकर डबल मानदेय तक, चुनावी साल में जनता को सौगातों की झड़ी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >