Bhagalpur News. राजस्व वसूली में फिसड्डी जिलों की सूची में भागलपुर शामिल, खान निदेशक सख्त

भागलपुर राजस्व वसूली में पीछे.

-दैनिक राजस्व संग्रहण निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं पाने पर शोकॉज करने का निर्देश

रेवेन्यू कलेक्शन में जनवरी 2025 की तुलना में जनवरी 2026 में कमजोर प्रदर्शन करने वाले 25 जिलों की सूची में भागलपुर भी शामिल है. इसे गंभीरता से लेते हुए खान निदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों को राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति में अब कुछ ही दिन शेष हैं, ऐसे में लक्ष्य की प्राप्ति के लिए व्यक्तिगत रुचि लेकर काम करना होगा.खान निदेशक ने स्पष्ट किया कि यदि दैनिक राजस्व संग्रहण निर्धारित दैनिक औसत लक्ष्य के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित खनिज विकास पदाधिकारी से अविलंब स्पष्टीकरण पूछा जाये. बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्राप्त स्पष्टीकरण असंतोषजनक रहने की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी. इसके लिए खान एवं भूतत्व विभाग के अपर सचिव को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

वसूली नहीं होने पर वाहनों की जब्ती व नीलामी के निर्देश

बैठक में यह भी तय किया गया कि ऐसे वाहन, जिनके मालिकों द्वारा समय पर दंड की राशि जमा नहीं की गयी है, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाये. इसके तहत समाहर्ता से समन्वय स्थापित कर संबंधित वाहनों की अविलंब जब्ती और नीलामी की कार्रवाई की जायेगी, ताकि राजस्व की भरपाई हो सके.

अवैध खनन पर सख्ती के आदेश

खान निदेशक ने बंदोबस्त रहित बालू घाटों पर हो रहे अवैध उत्खनन की जांच कराने का निर्देश दिया है. जांच में संलिप्त पाये जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दंड की राशि वसूली करने को कहा गया है. इसके साथ ही खान निरीक्षकों को रोजाना अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध छापेमारी करने के निर्देश दिये गये हैं. इन कार्रवाइयों की नियमित समीक्षा खनिज विकास पदाधिकारी द्वारा की जायेगी, ताकि राजस्व संग्रहण में सुधार लाया जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >