बेतिया. महाशिवरात्रि के बाद से लोगों में फागुन की खुमारी चढ़ने लगी है. लोग होली की तैयारियों में जुट गये है. होली की आहट बाजार में भी दिखने लगी है. परंपरागत रंग और गुलाल के साथ रंग खेलने के लिए आधुनिक खिलौनों ने बाजार में अपनी पैठ बना ली है. रंग खेलने के लिए आधुनिक हथियारों के नमूने वाली पिचकारियां बाजार में है. रंग बिरंगी और क्रिकेट खिलाड़ियों के बालों की नकल करती टोपियों ने इस बार बाजार में खूब जगह ली है. कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार होली पर अच्छा कारोबार होगा. नगर के स्टेशन चौक स्थित घर संसार के प्रोपराइटर रवि कुमार ने बताया कि लोग त्योहार के साथ स्वास्थ्य को लेकर काफी सजग है. इस कारण होली पर हर्बल रंग और गुलाल की भारी मांग है. बाजार में फैंसी पिचकारियों की मांग है. इसकी कीमत आम पिचकारियों से कुछ अधिक है. डोरेमोन, किंडरवर्ल्ड, मिकी माउस पिचकारी बच्चों को खूब भा रही है. साथ ही प्रेशर गन, पीठ पर रंगों वाला गैस सिलेंडर रखकर पाइप के सहारे गन से रंगों की बौछार करने वाली पिचकारी भी बाजार में है. राकेट लांचर वाली पिचकारी, स्पाइडर मैन, बॉर्बी डॉल, बेनटेन आदि कार्टून कैरेक्टर्स के नाम की भी पिचकारी बाजार में है. वहीं होली पर पहनने के लिए राक्षस, खोपड़ी से लेकर कई प्रकार के मुखौटे, मैजिक बैलून भी बाजार में मिल रहे हैं.
– 13 को होलिका दहन, 15 को मनेगी होली
पंडित हरिशंकर मिश्रा ने बताया कि गुरुवार 13 मार्च को दिन में 10:02 बजे पूर्णिमा तिथि का आगमन हो रहा है, जो शुक्रवार 14 मार्च को दिन में 11:12 बजे तक रह रही है. अतः भद्रा समाप्ति के पश्चात 13 की रात 10:37 के बाद होलिका दहन करना सही होगा. रंगोत्सव चैत्र की प्रतिपदा (उदय व्यापिनी तिथि) में शनिवार 15 मार्च को खेली जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
