बगहा. पटखौली थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलपुर गांव में अचानक हुई अगलगी के दौरान मवेशी गाय को बचाने के क्रम में एक 60 वर्षीय वृद्ध बुरी तरह झुलस गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जख्मी वृद्ध को शुक्रवार की देर शाम इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराई. जख्मी वृद्ध की पहचान मंगलपुर निवासी स्वामी नाथ राय के पुत्र हरिवंश राय के रूप में की गयी है. चिकित्सक डॉ. चंदन कुमार द्वारा झुलसे वृद्ध का अस्पताल में इलाज जारी है. फिलहाल स्थिति सामान्य है. मिली जानकारी के अनुसार मच्छरों से बचाव के लिए जलाए गए घूर से तबेले में आग लग गयी. देखते ही देखते झोपड़ी धू-धूकर जलने लगी. वहीं अपनी गाय को जलते देख वृद्ध बेचैन हो गया तथा आग लगे तबेला में घुसकर गाय को बचा लिया. लेकिन वह बुरी तरह झुलस गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
