बेतिया. समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शनिवार को पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ संजय जायसवाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. इसमें वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार, विधायक नारायण साह, उमाकांत सिंह, राम सिंह, महापौर गरिमा देवी सिकारिया के अलावे जिला पदाधिकारी दिनेश कुमार राय, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, एसडीएम डॉ विनोद कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अरुण प्रकाश, यातायात डीएसपी रंजन कुमार सिह एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. बैठक में जिलान्तर्गत विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं गोल्डेन आवर में फस्ट एड की जानकारी देने, विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने एवं उन्हें संवेदनशील बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया गया. इतना ही नहीं आमलोगों को जागरूक करने के लिए फ्लैक्स आदि लगाने का निर्देश दिया गया. बैठक में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नगर थाना एवं जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारियों द्वारा निरंतर सघन जांच अभियान शहरी क्षेत्रों में भी चलाने का निर्देश दिया गया. बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद डॉ जायसवाल ने जिले के विभिन्न रुटों पर नये सिरे से ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने का निर्देश दिया. साथ हीं साथ एनएच से जुड़ने वाले ग्रामीण सड़को के किनारे आवश्यकता पड़े तो स्पीड ब्रेकर का निर्माण करने और साइनेज लगाने का निर्देश दिया. जिसपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय ने ग्रामीण कार्य विभाग को इसपर कार्रवाई करने का कहा. वहीं सांसद सुनील कुमार ने जागरुकता अभियान में स्वंयसेवी संस्थाओं को भी शामिल करने की बात कही. वहीं महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने शहर में ट्रैफिक सिग्नल लगाने की बात कही. वहीं विधायक नारायण साह ने शहर के विस्तारीकरण नगर निगम बनने के बाद शेष क्षेत्रों में भी सीसीटीवी अधिष्ठापन की बात कही. उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने भी एनएच पर जहां आवश्यकता है वहां फुट ओवर ब्रीज लगाने की बात कही. ————— छावनी में यातायात पुलिस की होगी तैनाती सांसद डॉ जायसवाल ने छावनी आरओबी पर जाम नहीं लगे इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. जिसके लिए यातायात डीएसपी को जिम्मेवारी सौंपी गयी. इस दौरान छावनी आरओबी से नीचे उतरने के लिए फुट ओवरब्रिज की मांग पर सांसद ने कार्यवाही का निर्देश अधिकारियों को दिया. ————- बगहा में होगी बैरिकेडिंग बैठक में मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी बगहा ने बताया कि मंगलपुर में निर्माणाधीन ओवर ब्रीज का निर्माण कार्य संबंधित एजेंसी के ब्लैक लिस्टेड होने के कारण निर्माण कार्य रुक गया है. एजेंसी द्वारा गढ़ा खोदकर छोड़ दिया गया है. सांसद डॉ संजय ने एनएच के कार्यपालक अभियंता को पाच दिनें के भीतर वहां बैरिकेडिंग करवाने का निर्देश दिया. इसके साथ हीं बैठक में संबंधित अभियंताओं को पुराने एवं धुंधले जेब्रा क्रासिंग, थ्री डी मार्किंग, रोड सिग्नगेस आदि की मरम्मति करने का निर्देश दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
