Bettiah News: बरवत सेना स्थित डॉ. हेडगेवार नगर के उच्चतर माध्यमिक सरस्वती विद्या मंदिर में गुरुवार को विद्यालय के पूर्व छात्र दिव्य प्रकाश का सम्मान किया गया. दिव्य प्रकाश का चयन बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से रेवेन्यू ऑफिसर पद पर हुआ है.
सम्मान समारोह में विद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धि को छात्रों के लिए प्रेरणादायी बताया.
अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम की शुरुआत वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से हुई.
इसके बाद विद्यालय के पूर्व छात्र परिषद के संयोजक विवेक किशोर और प्रभारी प्रधानाचार्य लखींद्र कुमार सिंह ने दिव्य प्रकाश को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया.
इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य भरत कुमार राय तथा विवेक किशोर को भी विद्यालय के प्रति उनके योगदान और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया.
छात्रों से साझा किए सफलता के अनुभव
सम्मान समारोह के बाद दिव्य प्रकाश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता कभी एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है.
उन्होंने छात्रों से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रतिदिन पूरी लगन से प्रयास किया जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती.
प्रेरक माहौल में संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधानाचार्य लखींद्र कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया. मंच संचालन की जिम्मेदारी भी उन्होंने ही निभाई.
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि दिव्य प्रकाश की उपलब्धि से अन्य विद्यार्थी भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित होंगे.
