बेतिया. इंटर सत्र 2025-27 में नामांकन प्रक्रिया के लिए आवेदन जारी है. बिहार बोर्ड ने इंटरमीडिएट में दाखिले की प्रक्रिया पूरी करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों को नया यूजर आइडी व पासवर्ड दिया है. प्राचार्यों को इसकी गोपनीयता बरकरार रखने को भी कहा गया है. यूजर आइडी और पासवर्ड इ-मेल आइडी के माध्यम से डीइओ को उपलब्ध कराया गया है. जहां से वे सभी प्राचार्यों को उपलब्ध कराएंगे. इसको लेकर संयुक्त सचिव (ओएफएसएस) बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखा है. उन्होंने डीइओ को अपने जिला अंतर्गत इंटर स्तरीय शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य या उनके द्वारा अधिकृत प्रतिनिधि को तीन दिनों के अंदर यूजर आइडी और पासवर्ड उपलब्ध कराने को कहा है. प्राचार्य को प्रथम लॉगिन के बाद पासवर्ड को बदल लेने का निर्देश दिया गया है ताकि इसकी गोपनीयता बरकरार रहे. संयुक्त सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी शिक्षण संस्थान के यूजर आइडी और पासवर्ड की गोपनीयता किसी भी स्थिति में बरकरार हो ताकि इसका दुरुपयोग न हो.इधर डीईओ मनीष कुमार सिंह ने बताया कि सत्र 2025-27 के तहत होने वाले नामांकन के लिए मान्यता प्राप्त सभी सरकारी व गैर सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और इंटर कॉलेज के ओएफएसएस प्रणाली का यूजर आइडी और पासवर्ड को बदल दिया गया है. संबंधित संस्थानों के प्राचार्य खुद या अपने अधिकृत व्यक्ति को भेजकर डीइओ कार्यालय से यूजर आइडी और पासवर्ड प्राप्त कर सकेंगे. शैक्षणिक संस्थान ओएफएसएस पोर्टल पर लॉगइन करते हुए पासवर्ड को बदलकर नया पासवर्ड जेनरेट करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
