Bettiah News: बेतिया. नरकटियागंज प्रखंड के भसुरारी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल शिविर का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में अधिकारियों ने छात्राओं को पोर्टल के उद्देश्य, महत्व और कार्यप्रणाली की जानकारी दी. शिविर के दौरान छात्राओं ने विद्यालय में बिजली की समस्या समेत अपनी अन्य परेशानियां अधिकारियों के सामने रखीं.
Narkatiaganj News: दीप प्रज्वलन से हुआ शिविर का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ सूरज कुमार सिंह, बीईओ डॉ. संजय कुमार सिंह, भसुरारी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार पाल, मध्य विद्यालय भसुरारी के प्रधान शिक्षक विजय कुमार एवं शिक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
मौके पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डेन सुनीता कुमारी भी मौजूद रहीं.
छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू हुई पहल
बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के उद्देश्य और कार्यप्रणाली की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उचित स्तर पर उनका समाधान कराने तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गयी है.
उन्होंने छात्राओं से अपनी समस्याएं खुलकर रखने और विद्यार्थी सहयोग व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
बिजली की समस्या बनी छात्राओं की सबसे बड़ी परेशानी
शिविर के दौरान छात्राओं ने अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं पदाधिकारियों के सामने रखीं. छात्राओं ने विद्यालय में बिजली की समस्या को प्रमुखता से उठाया.
उन्होंने बताया कि बिजली की उपलब्धता कम रहने के कारण उन्हें कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसके अलावा छात्राओं ने विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की कार्यप्रणाली को लेकर भी अधिकारियों से सवाल पूछे.
समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
बीईओ डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए विभाग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर दर्ज समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल की जाएगी.
पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
यह भी पढ़ें: आजादी के दशकों बाद भी खाट ही बनी एंबुलेंस, दोन की इस तस्वीर ने खोल दी विकास की जमीनी हकीकत
