जाम और अतिक्रमण से राहत की तैयारी, बेतिया में दो सरकारी भूखंडों पर बनेगा वेंडिंग जोन

बेतिया में सड़कों पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम ने वेंडिंग जोन बनाने की तैयारी शुरू की, हजारी पशुमेला मैदान में दो स्थान चिन्हित किए गए।

Bettiah Nagar Nigam: बेतिया नगर निगम क्षेत्र में सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर लगने वाली अनधिकृत दुकानों की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. शहर में वेंडिंग जोन बनाने के लिए जिला प्रशासन से मंजूरी मिल गई है. इसके बाद नगर निगम की इस योजना को अमल में लाने का रास्ता साफ हो गया है.

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने इसे नगर निगम की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और फुटपाथी दुकानदारों को भी व्यवस्थित स्थान मिलेगा.

हजारी पशुमेला मैदान के दो भूखंड होंगे विकसित

महापौर ने बताया कि नगर निगम बोर्ड से पारित प्रस्ताव के आधार पर सदर अंचल कार्यालय ने हजारी पशुमेला मैदान स्थित दो सरकारी भूखंडों को वेंडिंग जोन के लिए उपयुक्त मानते हुए नगर आयुक्त को सहमति पत्र भेज दिया है.

अंचल अधिकारी के पत्र के अनुसार दोनों भूखंड बिहार सरकार की बकास्त भूमि हैं, जिन्हें वेंडिंग जोन निर्माण के लिए उपलब्ध कराया जाएगा.

कहां बनेंगे वेंडिंग जोन?

नगर निगम के अनुसार पहला भूखंड प्रखंड कार्यालय के सामने तथा दूसरा हरिवाटिका शिव मंदिर के समीप स्थित है.

सहमति पत्र में दोनों भूखंडों का सीमांकन, खाता, खेसरा, मौजा और एक-एक एकड़ से अधिक रकबे का विवरण भी दर्ज किया गया है.

जाम और अतिक्रमण से मिलेगी राहत

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि शहर की मुख्य सड़कों और फुटपाथों पर अनियमित तरीके से लगने वाली दुकानों के कारण लंबे समय से जाम और आवागमन की समस्या बनी हुई है.

वेंडिंग जोन बनने के बाद सैकड़ों छोटे दुकानदारों को सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान पर व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा. साथ ही मुख्य सड़कें अतिक्रमण मुक्त होने से यातायात व्यवस्था भी सुगम होने की उम्मीद है.

जल्द शुरू होगी निर्माण प्रक्रिया

महापौर ने बताया कि अब नगर निगम वेंडिंग जोन के निर्माण और वहां आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू करेगा.

उन्होंने कहा कि इससे शहर में व्यापार व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी और नागरिकों के साथ-साथ फुटपाथी दुकानदारों को भी सीधा लाभ मिलेगा.

जिला प्रशासन का जताया आभार

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि नगर निगम बोर्ड द्वारा पिछले वर्ष पारित प्रस्ताव को जिला प्रशासन की सहमति मिलने से योजना को लागू करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है.

उन्होंने वेंडिंग जोन निर्माण की अनुमति देने के लिए जिला प्रशासन के प्रति हार्दिक कृतज्ञता और आभार व्यक्त किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Madhukar mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >