गरीब चौपाल यात्रा में नरकटियागंज पहुंचें मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन | Prabhat Khabar Network

शराबबंदी के समर्थन में उतरी हम, संतोष सुमन बोले- गरीबों के हित में है शराबबंदी, सभी जरूरतमंदों को मिले आरक्षण का लाभ

बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने नरकटियागंज में शराबबंदी का समर्थन किया और आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुँचाने की वकालत की।

गरीब चौपाल यात्रा: हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने शुक्रवार को नरकटियागंज में शराबबंदी और आरक्षण को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया. हिमालय सिनेमा हॉल में आयोजित गरीब चौपाल यात्रा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी गरीबों के हित में है. उनकी पार्टी शराबबंदी का समर्थन करती है.


शराबबंदी से गरीबों की मजबूत हो रही स्थिति

मंत्री डॉ. सुमन ने कहा कि शराबबंदी से गरीब परिवारों के पैसे की बचत होती है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है. मुख्यमंत्री समय-समय पर इसकी समीक्षा करते हैं. बड़े शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है.


आरक्षण के बाद भी कुछ जातियां अभी भी पिछड़ी

आरक्षण के मुद्दे पर हम अध्यक्ष ने कहा कि आरक्षण की व्यवस्था समानुपाती होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बिहार में 22 जातियों को आरक्षण मिला है, लेकिन कुछ जातियां 80 साल बाद भी पिछड़ी हुई हैं. ऐसे में आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंद गरीबों तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने कहा कि गरीब किसी भी जाति का हो, उसे आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए. उनका नारा है, 'सबका इरादा एक हो, भारत के गरीबों एक हो.'

गरीबों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे

डॉ. सुमन ने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा के माध्यम से गरीबों की समस्याएं और मांगें सुनी जा रही हैं. लोगों से आवेदन लिये जा रहे हैं और उनकी समस्याओं को जिला स्तर से लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जा रहा है. गरीबों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए पार्टी लगातार प्रयास कर रही है.


ये नेता रहे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता हम के जिलाध्यक्ष मंजीत वर्मा ने की. कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी, बिहार महादलित आयोग के सदस्य मुकेश मांझी और देवेंद्र मांझी समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे. कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गणेश वर्मा

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >