Bettiah Covid Update: आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के नए मामलों और मौतों की खबरों के बीच पश्चिम चंपारण में फिलहाल राहत की स्थिति है. जिले में अब तक कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है. राज्य सरकार की ओर से भी कोविड-19 को लेकर कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है.
स्वास्थ्य विभाग ने हालांकि लोगों से सतर्क रहने और सामान्य स्वास्थ्य सावधानियां अपनाने की अपील की है.
जीएमसीएच में सामान्य रूप से चल रहा इलाज
जिले के सबसे बड़े अस्पताल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) में फिलहाल कोविड को लेकर कोई अतिरिक्त एहतियाती व्यवस्था लागू नहीं की गई है.
अस्पताल में पहले की तरह मरीजों का इलाज जारी है. वार्डों में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ बनी हुई है और अधिकांश बेड भरे हुए हैं.
वार्डों में अटेंडेंट की भीड़ बनी चुनौती
जीएमसीएच के बी और सी ब्लॉक के विभिन्न वार्डों में मरीजों के साथ आने वाले अटेंडेंट की भीड़ पर अस्पताल प्रशासन अभी भी प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पाया है.
अस्पताल में नई निजी सुरक्षा एजेंसी की तैनाती के बावजूद वार्डों में अनावश्यक भीड़ बनी हुई है. इससे चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को इलाज में परेशानी होती है. वहीं दो बेड के बीच और बरामदों में खान-पान के कारण गंदगी फैलने से सफाई व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है.
वायरल फीवर और संक्रमण के मामले बढ़ रहे
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव, बारिश और कई इलाकों में बाढ़ जैसी परिस्थितियों के कारण जिले में वायरल फीवर और अन्य संक्रमण संबंधी बीमारियों के मरीज सामने आ रहे हैं.
हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इन मामलों का कोविड-19 से कोई संबंध सामने नहीं आया है.
सिविल सर्जन ने क्या कहा?
सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से कोविड-19 को लेकर अब तक कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं हुई है.
उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना का कोई नया मामला या संदिग्ध मरीज नहीं मिला है. फिर भी लोगों को अपने स्वास्थ्य पर नजर रखनी चाहिए, भीड़भाड़ वाली जगहों पर आवश्यक सावधानी बरतनी चाहिए और संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता एवं सोशल डिस्टेंसिंग जैसी सामान्य सावधानियों का पालन करना चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरे हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और सरकार से जो भी नए निर्देश मिलेंगे, उनका तत्काल पालन कराया जाएगा.
