बेतिया. किसी बड़े आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से पुलिस ने अवैध हथियार, मादक पदार्थ एवं कारतूस भी बरामद किया गया है. इसकी जानकारी देते हुए बेतिया एसपी डॉ शौर्य सुमन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि बैरिया थाना क्षेत्र के तिलंगही में अंतराज्यीय अपराधियों का गिरोह एकत्र होकर किसी बड़े घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन के लिए सदर एसडीपीओ टू रजनीश कांत प्रियदर्शी के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर तिलंगही भेजा गया. पुलिस ने संभावित ठिकाने पर घेराबंदी करते हुए छापामारी की. जहां से पांच युवकों को धर दबोचा गया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी पिस्तौल, दो देशी कट्टा, 12 जिंदा कारतूस, एवं 1.362 ग्राम चरस बरामद किया गया. पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान उनके द्वारा प्रयुक्त की जा रही बाइक को भी जब्त किया गया, जो चोरी का पाया गया है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में से एक उतरप्रदेश के महाराजगंज जिले के कोठीभार सिसवा बाजार निवासी शैमुदीन उर्फ शंकर सिंह उर्फ राहुल, देवरिया जिला के भलुआनी भैया फुलवरिया का पंकज सिह हैं. जबकि अन्य सदस्यों में श्रीनगर थाना के पूजहां पटजिरवा निवासी अशोक तिवारी, बगहा के पटखौली थाना का पटखौली निवासी रंजन सिंह एवं मुफस्सिल थाना के विशंभरपुर निवासी मो. अली उर्फ मुमताज मियां है. एसपी ने बताया कि छापामार दल में एसडीपीओ के अलावे बैरिया थानाध्यक्ष अंजेश कुमार, नौतन थानाध्यक्ष राजेश कुमार, तकनीकी सेल के ज्वाला सिंह, बैरिया के पुअनि लौखान शर्मा, मिथिलेश कुमार, सर्वेश कुमार एवं बैरिया थाना के सशस्त्र पुलिस बल के जवान व जिला तकनीकी सेल के जवान शामिल थे. गिरफ्तार सभी बदमाशों का पूरा आपराधिक इतिहास भी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
