पिपरासी अंचल-प्रखंड कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण

डीएम दिनेश कुमार राय ने जिला व अनुमंडल के अधिकारियों के साथ गुरुवार को पिपरासी का निरीक्षण किया.

बगहा/पिपरासी . डीएम दिनेश कुमार राय ने जिला व अनुमंडल के अधिकारियों के साथ गुरुवार को पिपरासी का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ उपस्थित जिले के अन्य अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों का निरीक्षण किया. वही डीएम ने अंचल व प्रखंड कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिया. उन्होंने प्रखंड, अंचल, मनरेगा, बीआरसी, आरटीपीएस कार्यालयों का निरीक्षण किया. इस दौरान उपस्थिति पंजी, कैश बुक आदि का निरीक्षण किया और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिया. आरटीपीएस काउंटर के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि राशन कार्ड का आवेदन ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन भी लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि कोई भी आम नागरिक सरकार के किसी भी जनकल्याणकारी योजना से वंचित न हो इसका सभी लोग ख्याल रखे. अधिकारी, कर्मी व आम लोगों में आपसी तालमेल होना चाहिए. सभी लोग एक दूसरे के साथ अच्छा व्यवहार रखे. उन्होंने बताया कि किसी भी विभाग का कार्य प्रभावित नहीं होगा. बीते दो सप्ताह से पिपरासी सीओ के अनुपस्थित रहने की सूचना पर उनके द्वारा मधुबनी के सीओ को प्रभार दे दिया गया है. बीआरसी के जांच के क्रम में डीएम ने बीईओ को शिक्षा गुणवत्ता में सुधार व विद्यालयों का सतत निरीक्षण का निर्देश दिया. वहीं बीआरसी में सीओ के तत्कालीन जिप ड्राइवर द्वारा कब्जे की शिकायत पर उन्होंने ड्राइवर को जल्द कमरा खाली करने का निर्देश दिया. पीएचसी के जांच के क्रम में पाया गया कि दांत चिकित्सक नीतू प्रकाश सप्ताह में एक दिन और महीने में चार दिन आती है. इस पर डीएम ने स्वास्थ्य प्रबंधक सहित दंत चिकित्सक पर कार्रवाई की लिए सीएस को निर्देश दिया पिपरासी खेल मैदान में गड़बड़ी पर बिफरे डीएम, लगाई फटकार जांच के क्रम में डीएम ने पिपरासी पंचायत के उत्क्रमित उच्च विद्यालय परिसर में मनरेगा योजना से निर्माण हो रहे खेल मैदान में बरती जा रही अनियमितता पर काफी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने पीओ, जेई सहित सभी कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की बात कही. निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि खेल मैदान में घटिया किस्म के ईट, सफेद बालू और निम्न गुणवत्ता वाला सीमेंट का प्रयोग किया गया है. उन्होंने विभागीय जिला के अभियंता पर विभागीय कार्रवाई के लिए डीडीसी को निर्देश दिया. वहीं सभी सामग्री को हटा कर गुणवत्तापूर्ण सामग्री लगाने का निर्देश दिया. पंचायत सरकार भवन निर्माण का डीएम ने किया जांच डीएम ने पिपरासी पंचायत में निर्माण हो रहे पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया. इस दौरान डीएम के आने की सूचना पर निर्माण कार्य के लिए गिराए गए सफेद गिट्टी, बालू व अन्य सामग्रियों को ठेकेदार द्वारा तुरंत हटाया गया था. इस पर डीएम ने मौके पर तीन नंबर का ईंट, प्लेजा बालू और सफेद गिट्टी पाया. इस पर उन्होंने ठेकेदार के प्रतिनिधि को फटकार लगाते हुए सभी सामग्रियों को हटाने का निर्देश दिया. उन्होंने फटकार लगाते हुए कहा कि सभी ईंट को बदलो नहीं तो तुड़वा कर हटवाया जाएगा. वहीं ग्रामीणों से कहा कि निर्माण कार्य में अनियमितता हो तो इसकी सूचना तुरंत दे. अतिक्रमण मुक्त होगी बांसी नदी बिहार-यूपी सीमा पर बहने वाली बांसी नदी के अस्तित्व के खतरे को देखते हुए डुमरी-मुडाडीह के मुखिया जोखू बैठा ने अस्तित्व बचाने की मांग की. इस पर डीएम ने कहा कि मधुबनी और भितहा सीओ को जल्द बांसी नदी के सीमांकन में लगाया जाएगा. उसके उपरांत जल जीवन हरियाली से सफाई कर पौधारोपण किया जाएगा. वहीं पिपरासी में हो रहे नेटवर्क समस्या को दूर करने का भी आश्वासन दिया. मौके पर डीडीसी सुमित कुमार, एसडीएम गौरव कुमार, बीडीओ ओम राजपूत, सीओ नंदलाल राम, पीएचसी प्रभारी डॉ. रविंद्र कुमार मिश्रा, प्रमुख प्रतिनिधि मंजेश साहनी आदि उपस्थित रहे. बॉक्स में………… सीएस ने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण पिपरासी. डीएम के साथ आए सिविल सर्जन ने पीएचसी का निरीक्षण किया. इस दौरान उपस्थित पीएचसी प्रभारी डॉ. रविंद्र कुमार मिश्रा से अस्पताल में मौजूद दवा के स्टॉक आदि की जानकारी ली. वही साफ सफाई, ऑनलाइन पर्ची, मरीजों के बैठने आदि की भी जानकारी ली. इसके उपरांत मुख्यालय के सामने 7 करोड़ की लागत से निर्माण हो रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के प्रयोग और मानक के अनुरूप कार्य नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त किया. इसकी शिकायत लोगों ने डीएम से भी किया. इस पर डीएम ने सीएस से जांच रिपोर्ट तलब करते हुए जल्द अभियंताओं की टीम द्वारा निरीक्षण कराने की बात कही. उन्होंने कहा कि पंचायतों में उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण जल्द होगा. इसके लिए सभी सीओ को जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >