बगहा/हरनाटांड़. बगहा अनुमंडल के गंडक पार के चार प्रखंडों सहित अनुमंडल के छह प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना होगी. प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर सरकार की व्यवस्था से संबंधित अंचल के सीओ से भूमि की मांग की गयी है. प्रत्येक डिग्री कॉलेज के लिए कम से कम ढाई एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. संबंधित अंचल द्वारा भूमि के प्रस्ताव उपलब्ध कराने के साथ ही विभागीय स्तर पर डिग्री कॉलेज के स्थापना की कवायद शुरू की जाएगी. उक्त बातें वाल्मीकिनगर विधायक धीरेंद्र प्रताप उर्फ रिंकू सिंह ने कही. उन्होंने बताया कि वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के गंडक पार के चार प्रखंडों सहित बगहा दो प्रखंड में एक-एक डिग्री कॉलेज की स्थापना होनी है. उन्होंने बताया कि इसको लेकर सरकार के स्तर से ढाई एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अंचल के सीओ को दिया गया है. विधायक ने बताया कि उनके द्वारा भी संबंधित अंचल के सीओ को शीघ्र ही भूमि उपलब्ध कराने को लेकर निर्देशित किया गया है. ताकि शीघ्र ही डिग्री कॉलेज की स्थापना की दिशा में कवायद शुरू की जा सके. उन्होंने बताया कि डिग्री कॉलेज की स्थापना हो जाने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना नहीं पड़ेगा एवं स्थानीय स्तर पर ही उन्हें उच्च शिक्षा मिल पाएगी. जिससे गरीब छात्र-छात्राओं को भी उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
