नरकटियागंज. शिकारपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र के सतवरिया गांव अवस्थित एक धर्मकांटा में एक माह से छिपाकर रखे गए कंटेनर को जब्त किया है. कंटेनर में भारी मात्रा में ड्राई फ्रूट्स और कपड़े का बंडल बरामद किया गया है. हालांकि कंटेनर किसकी है, इसकी जांच पड़ताल में पुलिस जुट गई है. थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात सूचना मिली कि सतवरिया गांव स्थित एक धर्म कांटा परिसर में एक कंटेनर संदिग्ध हालात में खड़ी है तथा उसमें तस्करी का सामान छिपाकर रखा गया है. गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कंटेनर को पकड़ा गया. कंटेनर में तहखाने बनाकर उसमें काजू और कपड़े का बंडल रखा हुआ मिला है. थानाध्यक्ष ने बताया कि कंटेनर में प्लास्टिक के 25 पीस बाल्टी में काजू और भारी मात्रा में कपड़े का बंडल मिला है. सामन कहा से लाया गया और कहा ले जाना है. इस बारे में जांच पड़ताल की जा रही है. इधर पुलिस द्वारा पूछताछ के क्रम में धर्म कांटा के मुंशी ने बताया कि यह कंटेनर एक माह से अधिक दिनों से खड़ा है. कंटेनर नरकटियागंज के इश्तेयाक अंसारी का है. एक माह पहले कंटेनर के साथ तीन चार लोग आए, जिसमें सतवरिया गांव का नथु नामक ड्राइवर भी था. कंटेनर को धर्म कांटा परिसर में लगा दिए और बोले कि दो तीन दिन में चला जाएगा. पूछने पर कंटेनर खोल कर दिखा दिए. उसमें कुछ भी नहीं था. लेकिन कंटेनर में बने तहखाने के बारे में वह नहीं जानता है. धर्म कांटा के मुंशी ने यह भी बताया कि एक माह से प्रतिदिन चालक नथु को फोन कर कंटेनर ले जाने के लिए बोल रहा है .लेकिन वह हर बार कंटेनर मालिक का तबियत खराब होने का बहाना बना रहा है.
काजू कपड़ा की जगह कही, कुछ और तो नहीं, जांच में जुटी पुलिस
पहली बार किसी धर्मकांटा पर एक माह से काजू और कपड़ा लदे कंटेनर का रखा जाना पुलिस के लिए भी जिज्ञासा का विषय बन गया है. सतवरिया समेत नरकटियागंज तक इस बात की चर्चा है कि काजू कपड़ी की जगह कंटेनर में शराब की खेप तो नहीं लायी गयी थी. चुकी कटेंनर का नंबर हरियाणा का है. बहरहाल पुलिस मामले की हर पहलू की जांच में जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
