Bettiah News: बॉर्डर की जमीन पर विकास का झांसा, मैनाटांड में करीब 5 लाख की निकासी पर बवाल

Bettiah News: बेतिया के मैनाटांड में मनरेगा योजना में लाखों के गबन का आरोप. इंडो-नेपाल बॉर्डर के नो मेंस लैंड पर बिना काम कराए निकाल लिए गए करीब 5 लाख रुपये. ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. जानिए खबर विस्तार...

Bettiah News:  पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड प्रखंड में मनरेगा योजना में भारी लूट का मामला प्रकाश में आया है. टोला चपरिया पंचायत के सेमरवारी गांव में इंडो-नेपाल बॉर्डर के ‘नो मेंस लैंड’ पर एक योजना दिखाकर बिना धरातल पर काम कराए लाखों रुपये की निकासी कर ली गई है. इस धांधली के खिलाफ ग्रामीणों ने गांव में ही जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.

कागजों पर ईंट सोलिंग, धरातल पर सन्नाटा

ग्रामीणों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में पंचायत समिति द्वारा मिट्टी भराई और ईंट सोलिंग के लिए 8 लाख 20 हजार 938 रुपये की योजना स्वीकृत की गई थी. आरोप है कि धरातल पर एक भी ईंट नहीं जोड़ी गई और न ही मिट्टी डाली गई, फिर भी करीब 4 लाख 91 हजार 960 रुपये की निकासी कर ली गई. ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान को कार्यस्थल बताया गया है, वह वास्तव में नो मेंस लैंड है, जहां निर्माण प्रतिबंधित है.

थरुहट योजना की आड़ में खेल का आरोप

प्रदर्शन कर रहे नीतीश यादव, सुखल यादव और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उसी क्षेत्र में पहले से थरुहट विकास योजना के तहत सड़क निर्माण चल रहा है. अधिकारियों और बिचौलियों ने इसी पुराने काम को मनरेगा में दिखाकर राशि का बंदरबांट कर लिया है. मौके पर केवल एक बोर्ड लगाकर खानापूर्ति कर दी गई है.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले में कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) अमृतेश कुमार ने कहा कि यह योजना उनके पदभार ग्रहण करने से पहले की है. मामला संज्ञान में आने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सरकारी राशि की वसूली सुनिश्चित की जाएगी.

बेतिया से अमित सागर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Purushottam Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >