Bagaha News: पुलिस जिला अंतर्गत धनहा थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर स्थित बरवा पुल पर रविवार की शाम एक हृदयविदारक घटना घटी. मजदूरी कर घर लौट रहे 35 वर्षीय मोहन चौहान की साइकिल अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक बरवा गांव के मोतीलाल चौहान के पुत्र थे. इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है.
रेलिंग विहीन पुल और अंधेरा बना हादसे का कारण
परिजनों के अनुसार, मोहन चौहान शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे काम खत्म कर उत्तर प्रदेश से साइकिल से लौट रहे थे. बरवा पुल पार करने के दौरान उनकी साइकिल अनियंत्रित हो गई. पुल पर रेलिंग न होने और जर्जर स्थिति के कारण वह सीधे नीचे पानी में जा गिरे. स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनके प्राण पखेरू उड़ चुके थे. ग्रामीणों का आरोप है कि पुल का एक पाया धंसा हुआ है और रेलिंग न होने से यहाँ हमेशा खतरा बना रहता है, लेकिन प्रशासन ने बार-बार की शिकायतों के बावजूद सुध नहीं ली.
परिवार का इकलौता सहारा था मोहन
मृतक के भाई कमलेश चौहान ने बताया कि मोहन ही घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके भविष्य पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं. धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया है. पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी कर मामले की गहनता से जांच कर रही है.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
