नरकटियागंज. नगर के हरदिया चौक पर सोमवार को गिरकर बेहोश पड़े एक वृद्ध व्यक्ति की मौत इलाज के दौरान हो गयी है. मृतक की पहचान सहोदरा थाने के पंचगछिया गांव निवासी 62 वर्षीय मोहन राम के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि मोहन राम नगर के हरदिया चौक पर बेहोशी की हालत में गिरा हुआ था. उसके मुंह से झाग निकल रहा था. इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने 112 पुलिस मोबाइल टीम को दी. पुलिस पहुंची और उसे अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई है. घटना की सूचना पर शिकारपुर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले में आवश्यक जानकारी ली है. घटना की सूचना पर उसकी बेटी नीतू कुमारी और पत्नी सुशीला देवी रोती बिलखते अस्पताल पहुंचीं. मृतक के परिजनों ने बताया कि वे पहले से बीमार थे. हरदिया चौक कैसे और किस परिस्थिति में पहुंचे. यह जानकारी नहीं है. परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है. चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोविंद चन्द्र शुक्ला ने बताया कि बेहोशी की हालत में वृद्ध को यहां लाया गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है. हार्ट अटैक से मौत का मामला प्रतीत हो रहा है. थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम करने से इनकार किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
