बलिया. नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 एवं 7 के स्टेशन चौक से पटेल चौक तक हाल ही में कराये गये सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच के लिये डीडीसी बेगूसराय के निर्देश पर शुक्रवार को अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची. एसडीओ तरणिजा कुमारी के नेतृत्व में जांच टीम ने सड़क एवं डिवाइडर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान निर्माण की गुणवत्ता, बनावट और सामग्री की बारीकी से जांच की गयी. जांच टीम में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रवीण कुमार सिंह तथा नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी अनिशा कुमारी भी शामिल थी. निरीक्षण के दौरान स्थानीय वार्ड पार्षद विश्वजीत कुमार उर्फ विकास, अविनाश कुमार सहित दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद रहे. लोगों ने अधिकारियों को सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं एवं गुणवत्ता संबंधी शिकायतों से अवगत कराया. बताया जाता है कि करीब एक करोड़ 14 लाख 75 हजार 319 रुपये की लागत से स्टेशन चौक से पटेल चौक तक सड़क एवं डिवाइडर निर्माण का कार्य कराया गया था. निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे थे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि संवेदक द्वारा डिवाइडर निर्माण में भी मानकों की अनदेखी की गयी है. इस मामले को लेकर वार्ड पार्षद अविनाश कुमार ने पूर्व में एसडीओ को लिखित आवेदन देकर जांच की मांग की थी. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क निर्माण सामग्री का सैंपल लिया तथा कई स्थानों पर सुधार की आवश्यकता जताई. इस संबंध में जांच टीम में शामिल ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि डीडीसी बेगूसराय के निर्देश पर सड़क की जांच की गयी है. सैंपल को परीक्षण के लिये भेजा जायेगा तथा जहां कमी पाई गयी है वहां सुधार के निर्देश दिये गये हैं.
सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांचने पहुंची अधिकारियों की टीम, लिये गये सैंपल
नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 एवं 7 के स्टेशन चौक से पटेल चौक तक हाल ही में कराये गये सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच के लिये डीडीसी बेगूसराय के निर्देश पर शुक्रवार को अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची.
