भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहरिपुर पंचायत स्थित मतैया बहियार में शनिवार को करेंट प्रवाहित बिजली के तार की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान नरहरिपुर गांव निवासी शिवशंकर राय के पुत्र टुनटुन राय के रूप में हुई है.घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
खेत की जुताई करने गया था टुनटुन
परिजनों के अनुसार टुनटुन राय शनिवार सुबह ट्रैक्टर से खेत की जुताई और धान की खेती की तैयारी कर रहे थे.खेत में लगे मोटर पंप को बंद करने के लिए जैसे ही वह आगे बढ़े,पहले से खेत में गिरे करंट प्रवाहित बिजली के तार की चपेट में आ गए.तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा.पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
परिजनों ने लगाया बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप
मृत किसान के चचेरे भाई शंभु कुमार राय ने बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खेत में करेंट प्रवाहित तार गिरा होने के बावजूद समय पर उसे हटाया नहीं गया,जिसके कारण यह हादसा हुआ.उन्होंने मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.टुनटुन राय अपने पीछे पत्नी,दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं.पुलिस मामले की जांच में जुटी है,वहीं हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है.
