बिहार होम गार्ड भर्ती परीक्षा 10 जून को, बेगूसराय के 13 केंद्रों पर जैमर-सीसीटीवी से होगी मॉनिटरिंग

Published by : Vivek Singh Updated At : 09 Jun 2026 1:07 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Homeguard Exam : बिहार (होम गार्ड) गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक पदों पर नियुक्ति के लिए प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 10 जून को जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी . परीक्षा एक पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी .

विज्ञापन
Bihar Homeguard Exam : (विकाश मिश्रा) बिहार (होम गार्ड) गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक पदों पर नियुक्ति के लिए प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 10 जून को जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी . परीक्षा एक पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी . परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं .

डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री तथा पुलिस अधीक्षक मनीष ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए . उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियम उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा .

सुबह 9:30 बजे के बाद बंद हो जाएगा प्रवेश

जिला प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है . निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी . परीक्षार्थियों को आयोग द्वारा जारी प्रवेश पत्र के साथ वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा .

सभी परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए जैमर और सीसीटीवी

परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर एवं सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं . साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके .

मोबाइल और स्मार्ट वॉच पूरी तरह प्रतिबंधित

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट तथा किसी भी प्रकार के संचार उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा . परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी . इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट दुकानों और साइबर कैफे की गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी .

नकल या फर्जीवाड़ा करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में नकल, प्रश्नपत्र से जुड़ी अनधिकृत गतिविधियों, फर्जी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने जैसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-2024 तथा भारतीय न्याय संहिता के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी .

कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी

परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना, शिकायत अथवा आपात स्थिति के त्वरित निवारण के लिए समाहरणालय परिसर स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है . नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06243-222835 निर्धारित किया गया है, जो परीक्षा अवधि के दौरान लगातार कार्यरत रहेगा .

अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने की अपील

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है . वहीं अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा परीक्षा की गरिमा बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है .

Also Read : Digital Creators of Bihar: रील का सही इस्तेमाल कोई इनसे सीखे, 60 सेकंड में ‘कैरियर गाइड’ बन बदल रहे लाखों छात्रों की तकदीर

विज्ञापन
Vivek Singh

लेखक के बारे में

By Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन