पड़ोसी से हिंसक मारपीट में घायल हुआ साहेबपुरकमाल का युवक, पटना में इलाज के दौरान हुई मौत

Begusarai News: बेगूसराय के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के मुसेचक गांव में आपसी जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में 35 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. पटना में इलाज के दौरान दम तोड़ने के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Begusarai News(अजय कुमार): साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के मुसेचक गांव में जमीन विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. बीते रविवार की शाम पड़ोसी से हुई हिंसक मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय अमित कुमार की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक स्थानीय निवासी शंकर पंडित का पुत्र था. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

पिता को बचाने आया था बेटा, हमलावरों ने बनाया निशाना

परिजनों ने बताया कि पड़ोसी वाल्मीकि पंडित के साथ वर्षों से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था और यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है. आरोप है कि रविवार की शाम करीब पांच बजे वाल्मीकि पंडित अपने परिवार के आधा दर्जन लोगों के साथ अचानक शंकर पंडित के घर धमक गया और उन पर हमला कर दिया. जब बेटा अमित कुमार अपने बुजुर्ग पिता को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आगे आया, तो हमलावरों ने उसे ही अपना मुख्य निशाना बना लिया.

ईंट और खंती से की बेरहमी से पिटाई, पटना किया गया था रेफर

हमलावरों पर ईंट, खंती और अन्य घातक हथियारों से अमित की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है. वे उसे तब तक बेरहमी से पीटते रहे जब तक वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश नहीं हो गया. जब हमलावर उसे मृत समझकर वहां से फरार हो गए, तब परिजन गंभीर हालत में अमित को पहले बलिया और फिर बेगूसराय अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, जहां उसने दम तोड़ दिया.

सभी आरोपी घर छोड़कर फरार, पुलिस कर रही छापेमारी

इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिलते ही साहेबपुरकमाल के प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार और बलिया के आरक्षी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. घटना के बाद से ही नामजद सभी आरोपी अपने घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Also Read: आरा में बेलगाम स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा, 1 की मौके पर ही मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Aditya Kumar Ravi is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >