Begusarai News: (विकाश मिश्रा) बेगूसराय के बखरी थाना इलाके के बागवान गांव के वार्ड संख्या 11 निवासी 30 वर्षीय गणेश सदा की हरियाणा के हिसार में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई है. मृतक गणेश सदा स्वर्गीय दुलार सदा के पुत्र थे.
वे हरियाणा के हिसार स्थित एक चिमनी भट्ठा पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
घटना के बारें में परिजनों ने क्या बताया?
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह काम खत्म करने के बाद गणेश सदा दुकान पर सर्फ खरीदने गए थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मजदूर का शव गांव आते ही इलाके में मातम छा गया
शनिवार को जैसे ही गणेश सदा का शव बखरी के बागवान पहुंचा,पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा छा गया. परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा. पत्नी कैशना देवी पति की मौत की खबर सुन बेसुध हो गई. ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गई.
घटना के बाद परिवार का क्या है माहौल?
गणेश सदा परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे.उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वे अपने पीछे पत्नी सहित चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. वही मृतक के निधन के बाद बच्चों के भविष्य और परिवार के भरण-पोषण को लेकर चिंता गहरा गई है.
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई.पूर्व मुखिया ,वार्ड प्रतिनिधि समेत कई जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. साथ ही सरकार से मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा,पारिवारिक सहायता एवं सरकारी लाभ उपलब्ध कराने की मांग की है.
Also Read: नवादा में जंगल से भटककर विनोबा नगर पहुंचा मोर, ग्रामीणों ने सुरक्षित वन विभाग को सौंपा
