थाना से चंद कदम की दूर पर 30 लाख की चोरी, खिड़की तोड़ घर में घुसे चोर

बौंसी थाना परिसर से महज कुछ ही दूरी पर स्थित वार्ड संख्या 14 के भाया भीठा मोहल्ले में शुक्रवार की रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आयी है.

जेवरात और नकदी पर किया हाथ साफ

बौंसी. बौंसी थाना परिसर से महज कुछ ही दूरी पर स्थित वार्ड संख्या 14 के भाया भीठा मोहल्ले में शुक्रवार की रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आयी है. अज्ञात चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात समेत नकद राशि पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, मोहल्ला निवासी डिप्टी नारायण सिंह की पत्नी श्वेता देवी ने बौंसी थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात अज्ञात बदमाशों ने घर के पूर्वी हिस्से की खिड़की तोड़ दी और उसी रास्ते से अंदर घुस गये. इसके बाद चोरों ने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर आराम से अलमारी और वीआइपी बॉक्स को खंगाल डाला.

पीड़िता के अनुसार, चोरों ने करीब 150 ग्राम सोने के जेवरात, आधा किलो चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. चोरी गये सामान में सोने की चेन, अंगूठी, नथिया (बेसर), मंगलसूत्र, बाली, चांदी की पायल और चांदी के सिक्के शामिल हैं. श्वेता देवी ने अपने आवेदन में कुल नुकसान लगभग 30 से 32 लाख रुपये से अधिक बताया है. शनिवार की सुबह जब परिवार के सदस्य नींद से जागे, तब घटना का खुलासा हुआ. कमरे की खिड़की टूटी हुई थी और अलमारी का सारा सामान बिखरा पड़ा था. यह देख परिजनों के होश उड़ गये. घटना की सूचना तुरंत थाना को दी गयी. मामले को लेकर थानाध्यक्ष पंकज झा ने बताया कि महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा. स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और इलाके में सख्त निगरानी की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >