घर में पुरुष नहीं थे, तभी टूट पड़े पड़ोसी, रास्ता विवाद में पांच महिलाओं समेत छह लोग जख्मी

Banka News : पुराने रास्ता विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया. घर में पुरुष सदस्यों की गैरमौजूदगी का आरोप लगाते हुए पड़ोसियों पर हमला करने का आरोप लगा है. मारपीट में एक ही परिवार की पांच महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है.

अमरपुर बांका से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरगम्मा गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक ही परिवार के छह लोग जख्मी हो गए. घायलों में पांच महिलाएं शामिल हैं. सभी का इलाज अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया, जहां एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

रास्ता विवाद ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के अनुसार गोरगम्मा गांव में दो पड़ोसी परिवारों के बीच रास्ते को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था. मंगलवार की सुबह यह विवाद अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. घटना में एक ही परिवार के कई सदस्य घायल हो गए.

पांच महिलाओं समेत छह लोग हुए जख्मी

मारपीट में संजीव कुमार चौधरी की पत्नी रेणू देवी, नवल किशोर चौधरी की पत्नी टीला देवी, घोघन चौधरी की पत्नी द्रोपदी देवी, धीरेन्द्र चौधरी की पत्नी शिरोमणि देवी, रंजीत चौधरी की पत्नी बिरमां देवी तथा विभिषण कुमार घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया.

महिला ने पड़ोसियों पर लगाया हमला करने का आरोप

अस्पताल में इलाजरत घायल महिला ने बताया कि मंगलवार की सुबह घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था. इसी दौरान पड़ोसी सिकंदर कुमार, पवन कुमार, गगन कुमार और अनमोल कुमार अपने अन्य परिजनों के साथ उनके घर के समीप पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर कथित तौर पर लाठी-डंडे और हथियार के बट से हमला कर दिया गया.

बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी पीटा

घायल महिला के अनुसार शोर सुनकर जब घर की अन्य महिलाएं और उनका भतीजा विभिषण कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपितों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया. घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया.

एक महिला की हालत गंभीर, मायागंज रेफर

घायलों का इलाज कर रहे डॉक्टर अमित कुमार शर्मा ने बताया कि रेणू देवी के सिर में गंभीर चोट लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल में किया गया.

पुलिस ने दर्ज किया घायलों का बयान

घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना में पदस्थापित दारोगा कन्हैया कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >