बांका. डीएम नवदीप शुक्ला के निर्देश पर सभी प्रखंडों में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जा रही है. जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध हो. वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की अनियमितता न हो. इसी क्रम में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. छापेमारी के दौरान अवैध भंडारण, कालाबाजारी व अनियमित वितरण जैसी गतिविधियों की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों व एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि व्यवस्था को पारदर्शी व प्रभावी बनाए रखा जा सके. जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि 11 गैस एजेंसियों व 45 महत्वपूर्ण स्थानों, जैसे होटल व रेस्टोरेंट में छापामारी अभियान चलाया गया. उन्होेंने बताया कि उपभोक्ताओं को पीएनजी घरेलू कनेक्शन लेने के लिए जिले में विशेष जोर दिया जा रहा है. इसके माध्यम से उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित होगी. बार-बार गैस बुकिंग कराने की प्रक्रिया से भी निजात मिलेगी. एलपीजी आपूर्ति की जानकारी देते हुए बताया कि 3880 उपभोक्ताओं द्वारा गैस बुकिंग करायी गयी है, जबकि 5215 उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध हो चुकी है. गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा प्रदान करें. किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. जिला प्रशासन आम जनता से अपील करता है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें. किसी भी समस्या की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें.
एलपीजी सिलिंडर एजेंसियों पर मारे गये छापे
एलपीजी सिलिंडर एजेंसियों पर मारे गये छापे
