जयपुर (बांका) से लक्ष्मण कुमार मंटु की रिपोर्ट : बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोंड़ीसीमर गांव में आगामी बकरीद पर्व को लेकर शनिवार को शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कन्हैया कुमार ने की. इस दौरान सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारा और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. बैठक में दोनों समुदायों के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया.
पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए थाना अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने लोगों से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
विधि-व्यवस्था और सौहार्द पर हुआ विमर्श
बैठक में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन को सकारात्मक सहयोग देने की बात कही. दोनों समुदायों के लोगों ने मिलकर त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया.बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण और जनप्रतिनिधि
बैठक में पुलिस अवर निरीक्षक विभाष चंद्र साह, उपमुखिया नसरुद्दीन उर्फ लाखों, ईकरामुल अंसारी, असलम अंसारी, गुलजार अंसारी, सोहराब अंसारी, अफरोज अंसारी, इजमाईल अंसारी, अख्तर हुसैन, अफजल अंसारी, सलीम अंसारी, कलीम अंसारी, नीकाईल अंसारी, शंकर यादव, पुष्पक कुमार यादव और नरेश तुरी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे.
