डायल 112 की टीम पर लोहे की रॉड से हमला, चालक गंभीर घायल; आरोपी गिरफ्तार

पंजवारा के रामकोल गांव में आपातकालीन पुलिस सेवा डायल 112 की टीम पर जानलेवा हमला हुआ है. प्रभारी प्रधानाध्यापिका से दुर्व्यवहार की सूचना पर पहुंची पुलिस पर एक युवक ने लोहे की रॉड से वार कर चालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पंजवारा (बांका). पंजवारा थाना क्षेत्र के रामकोल गांव में आपातकालीन पुलिस सेवा डायल 112 की टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. स्कूल परिसर में प्रभारी प्रधानाध्यापिका के साथ कथित दुर्व्यवहार की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर एक युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया. हमले में डायल 112 वाहन के चालक बलवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने मौके से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.

प्रधानाध्यापिका से दुर्व्यवहार की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

घटना मध्य विद्यालय रामकोल परिसर से शुरू हुई. पुलिस के अनुसार विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुसुम कुमारी स्कूल में मौजूद थीं. इसी दौरान गांव का ही युवक फंटूश यादव वहां पहुंचा और उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने लगा. स्थिति बिगड़ती देख प्रधानाध्यापिका ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से सहायता मांगी. सूचना मिलते ही डायल 112 की गश्ती टीम कुछ ही देर में विद्यालय परिसर पहुंची और पुलिसकर्मियों ने युवक से पूछताछ शुरू की.

पूछताछ के दौरान उग्र हुआ युवक

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान युवक अचानक उग्र हो गया और पुलिसकर्मियों के साथ नोकझोंक एवं बदसलूकी करने लगा. इसी दौरान उसने पास रखी लोहे की रॉड उठा ली और डायल 112 के चालक बलवंत सिंह के सिर पर प्रहार कर दिया. हमले में चालक के सिर में गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी.

अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा, घायल चालक को अस्पताल भेजा

घटना की सूचना वायरलेस के माध्यम से पंजवारा थाना पुलिस को दी गयी. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस टीम बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल चालक बलवंत सिंह को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराहाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है.

आरोपी को मौके से किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हमले के आरोपी युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकोल गांव निवासी कन्हाई यादव के पुत्र फंटूश यादव के रूप में हुई है.

गैर-जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज

पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मी और पुलिस टीम पर हमला करना गंभीर अपराध है. उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध सुसंगत गैर-जमानती धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. थानाध्यक्ष ने कहा कि कानून हाथ में लेने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कश्यप

गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >